कानपुर में प्रथम पैरा डार्ट्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप:विजेता मलेशिया में खेलेंगे इंटरनेशनल मैच, शहर में पहली बार आयोजन

Actionpunjab
2 Min Read




कानपुर के रामादेवी स्थित मलिक गेस्ट हाउस में शनिवार को प्रथम पैरा डार्ट्स राष्ट्रीय चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इस आयोजन को कानपुर के लिए गौरवपूर्ण और खेल इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से आए 120 दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद रणबीर मलिक और सुखबीर मलिक ने गणेश वंदना (समूह नृत्य) तथा राष्ट्रगीत (एकल गायन) प्रस्तुत किया। आयोजन सचिव महेंद्र सिंह और अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि चैंपियनशिप का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मलेशिया में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह में 20 दिव्यांग मॉडलों द्वारा एक फैशन शो प्रस्तुत किया गया। इसका निर्देशन नितिन गुप्ता, राज वर्मा और अमीर सिद्दीकी ने किया। कार्यक्रम का मंच संचालन जीशान सिद्दीकी ने किया। ब्लाइंड स्कूल और दीपिका चाइल्ड सेंटर के बच्चों ने सांस्कृतिक संध्या प्रस्तुत की। इसमें शास्त्रीय संगीत, एकल व समूह गायन, तथा लोक एवं फिल्मी नृत्यों की प्रस्तुतियां शामिल थीं। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्तियों को उनकी सेवाओं के लिए आयोजक संस्था द्वारा प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें इन्द्र मोहन रोहतगी (यूनाइटेड पब्लिक स्कूल), आदर्श कुमार (सरकारी लेबर एनक्रोचमेंट ऑफिसर), डीएम कानपुर जितेंद्र प्रताप सिंह, रोहित व राहुल (दिव्यांग आइकन स्पोर्ट्स), ब्रांड एंबेसडर शिखा शुक्ला, डॉ. सिद्धांशु राय, डॉ. इकबाल कासिम, साइबर एक्सपर्ट शिवम मालवीय, डॉ. उत्तम ओझा, डॉ. संजय चौरसिया, संतोष गुप्ता, डॉ. नरेंद्र पांडे, डॉ. अनुभव सिंह और सुनील मंगल शामिल थे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *