![]()
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी दो दिवसीय जयपुर दौरे के बाद रविवार को एक बार फिर चेन्नई के लिए रवाना हो गए। जयपुर प्रवास के दौरान धोनी ने जहां शहर के होटल रामबाग पैलेस में एक विशेष शूट में हिस्सा लिया, वहीं गांधी पथ स्थित एमएस धोनी क्रिकेट एकेडमी पहुंचकर युवा खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया। दरअसल, जयपुर के गांधी पथ क्षेत्र में महेंद्र सिंह धोनी के नाम से पिछले तीन सालों से क्रिकेट एकेडमी संचालित की जा रही है। रविवार को पहली बार खुद महेंद्र सिंह धोनी इस एकेडमी में पहुंचे। धोनी को अपने बीच पाकर युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। एकेडमी में मौजूद खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए धोनी ने उन्हें बैटिंग, बोलिंग और फील्डिंग से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, फिटनेस और निरंतर अभ्यास के महत्व के बारे में भी बताया। इस दौरान धोनी ने युवा क्रिकेटरों के साथ फोटोग्राफ भी क्लिक करवाए और उन्हें ऑटोग्राफ देकर प्रोत्साहित किया। धोनी की मौजूदगी से एकेडमी का माहौल उत्साह से भर गया। खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने इसे यादगार पल बताया और कहा कि धोनी से मिले मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। एकेडमी विजिट के बाद महेंद्र सिंह धोनी जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे चेन्नई के लिए रवाना हो गए। इससे पहले अपने जयपुर प्रवास के दौरान धोनी ने होटल रामबाग पैलेस में एक विशेष शूट में भी हिस्सा लिया। धोनी के जयपुर दौरे से शहर के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
2 दिवसीय दौरे के बाद धोनी जयपुर से चेन्नई रवाना:रामबाग पैलेस में शूट के बाद माही ने क्रिकेट एकेडमी पहुंचकर खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
Leave a comment