मैनपुरी में ठेला संचालक को पीटने वालों पर केस दर्ज:अंडे के पैसे मांगने पर लाठी डंडों से की थी पिटाई, वीडियो सामने आने पर कार्रवाई

Actionpunjab
2 Min Read




मैनपुरी में अंडे का ठेला लगाने वाले दो भाइयों से मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और बढ़ते दबाव के बाद, कोतवाली मैनपुरी थाने में सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित अभिषेक कुमार (पुत्र मदनलाल), निवासी नगला अनी, थाना कोतवाली मैनपुरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सड़क किनारे अंडे का ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करता है। बीती रात करीब 8 बजे वह अपने भाई अर्जुन के साथ ठेले पर मौजूद था। इसी दौरान सुमित (पुत्र धर्मेंद्र यादव) और धर्मेंद्र (पुत्र कुंवर सिंह यादव), निवासी नगला भंत, उनके ठेले पर आए और अंडे खाए। अंडे खाने के बाद जब अभिषेक ने उनसे पैसे मांगे, तो दोनों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया और विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने फोन करके अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में रामकिशन उर्फ दादा, सुनील, नीरज यादव उर्फ मोटे और माया सहित अन्य लोग वहां पहुंच गए। तहरीर के अनुसार, सभी आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने लात-घूंसे, लाठी-डंडों और फावड़े से अभिषेक और उसके भाई अर्जुन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने दोनों भाइयों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मारपीट में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान एक राहगीर ने मारपीट का पूरा वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुमित, धर्मेंद्र, रामकिशन उर्फ दादा, सुनील, नीरज यादव उर्फ मोटे और माया सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *