![]()
बरेली के किला थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय विधवा महिला ने अपने बेटे और बहू पर धोखाधड़ी, मारपीट और घर से बेदखल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि विधवा पेंशन बनवाने के बहाने उससे उसकी संपत्ति लिखवा ली गई और अब उसे घर से बाहर निकाल दिया गया है। पीड़िता बानो के अनुसार, वह वर्षों से अपने मकान में रह रही थी। उसके छोटे बेटे मोहम्मद उमर और बहू शबाना ने विधवा पेंशन दिलाने का झांसा दिया। 10 अप्रैल 2023 को दोनों उसे उपनिबंधक सदर प्रथम कार्यालय ले गए, जहां आधार कार्ड और अंगूठे के निशान लिए गए। महिला का आरोप है कि इसी दौरान धोखे से उसके मकान का दानपत्र बेटे के नाम करा लिया गया। बानो का कहना है कि काफी समय बीतने के बावजूद उसे पेंशन नहीं मिली। जब उसने इस बारे में पूछा तो परिवार के लोग उसे टालते रहे। महिला ने आरोप लगाया कि 14 जनवरी को बेटे, बहू और कुछ अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इस दौरान कथित तौर पर उससे 1700 रुपये भी छीन लिए गए और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वह अब फुटपाथ पर रहने को मजबूर है और उसे अपनी जान का खतरा बना हुआ है। उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने, अपना मकान वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बरेली में बेटे-बहू ने महिला को मां को बेदखल किया:पेंशन के बहाने दानपत्र कराया, अब फुटपाथ पर रहने को मजबूर
Leave a comment