![]()
हरियाणा के नूंह जिले में एक दलित नाबालिग छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 10 जनवरी 2026 को कुछ युवकों ने छात्र को रोककर बेरहमी से पीटा, उसके दांत तोड़ दिए और जातिसूचक गालियां दीं। बाद में इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद परिजनों को इसकी जानकारी मिली। पीड़ित की मां रज्जो बाई ने सदर थाना नूंह में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार अपने दोस्त के साथ गांव जयसिंहपुर से मोटरसाइकिल पर अपने गांव लौट रहा था। मुंबई एक्सप्रेस-वे पुल के पास 4-5 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और सुमित पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने सुमित के चेहरे और शरीर पर लात-घूंसों से वार किया, जिससे उसके सामने के दांत टूट गए और नाक से खून बहने लगा। इस दौरान उसे दलित होने को लेकर अपमानजनक शब्द कहे गए और जान से मारने की धमकी भी दी गई। वीडियो सामने आने के बाद पता चली वारदात घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सुमित का एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, लेकिन हमले के बाद वह इतना डर गया कि उसने स्कूल जाना बंद कर दिया। यह मामला तब सामने आया जब 30 जनवरी को आरोपियों द्वारा बनाया गया मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर सुमित के परिजनों के सामने आया। वीडियो के आधार पर पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, मारपीट, धमकी और आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। सदर थाना नूंह के प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
नूंह में नाबालिग छात्र की पिटाई, VIDEO:बाइक सवार युवकों ने रास्ता रोका, डर के कारण स्कूल जाना बंद किया
Leave a comment