![]()
सोनीपत के शहरी विकास को गति देने और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने मीटिंग ली। इस दौरान अधिकारियों को सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वायु व जल प्रदूषण की रोकथाम, सड़कों की गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे के विकास और बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए सभी विभाग योजनाबद्ध तरीके से मिलकर कार्य करें।
वायु व जल प्रदूषण पर सख्ती
प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी निर्देशों की सख्ती से पालना की जाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त व संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शहर की प्रमुख और आंतरिक सड़कों की नियमित व प्रभावी सफाई के लिए स्वीपिंग मशीनों का लगातार उपयोग किया जाए, ताकि धूल के कणों से प्रदूषण न बढ़े। साथ ही जिले से गुजरने वाली ड्रेनों की निरंतर मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी गंदा पानी उनमें न डाले।
एसएमडीए की छठी मासिक बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा
डीएस ढेसी ने सोनीपत शहरी विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की छठी मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहर में चल रहे विकास कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो व आरआरटीएस परियोजना में तेजी के निर्देश
बैठक के दौरान प्रधान सलाहकार ने रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो तथा आरआरटीएस परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाएं निर्धारित समय में पूरी हो सकें। इसके साथ ही सिंचाई विभाग और एनएचएआई से संबंधित लंबित एनओसी को तुरंत नियमानुसार जारी करने के आदेश दिए गए।
सड़क व फुटपाथ निर्माण कार्य तय समय में पूरे करने के आदेश
डीएस ढेसी ने बताया कि एसएमडीए द्वारा सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए 23.84 करोड़ रुपये तथा फुटपाथ निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये के कार्य अलॉट किए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अलॉट किए गए कार्य गुणवत्ता के साथ तय सीमा में पूरे किए जाएं। जो कार्य अभी अलॉट नहीं हुए हैं, उन्हें भी शीघ्र अलॉट कर विकास कार्यों में किसी तरह की ढिलाई न हो। म्हारी सड़क पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
प्रधान सलाहकार ने म्हारी सड़क पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर आने वाली सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सड़कों से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शहर के सौंदर्यकरण व बुनियादी ढांचे पर फोकस
बैठक में शहर के मुख्य चौराहों के सौंदर्यकरण, जलापूर्ति, अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, मुख्य सड़कों और जिले के समग्र बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। डीएस ढेसी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करते हुए विकास योजनाओं को समय पर पूरा करें। ड्रेन-6 के दूषित पानी पर रोक, यमुना को बचाने के निर्देश
प्रधान सलाहकार ने विशेष रूप से ड्रेन-6 के दूषित पानी को सीधे यमुना नदी में जाने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पार्किंग स्थलों की समीक्षा, यातायात सुधार पर जोर
डीएस ढेसी ने सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में चिन्हित दो पार्किंग स्थलों और खरखौदा में चिन्हित एक पार्किंग स्थल की भी विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएमडीए की सीईओ ए. मोना श्रीनिवास, उपायुक्त सुशील सारवान, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, एडीसीपी कुशाल सिंह, एचसीएस मीना हुड्डा, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगराधीश डॉ. अनमोल, जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह, जीएम रोडवेज संजय कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सोनीपत एसएमडीए के सलाहकार डीएस ढेसी ने ली बैठक:मेट्रो व आरआरटीएस परियोजना में तेजी के निर्देश; वायु व जल प्रदूषण पर सख्ती के आदेश
Leave a comment