PNB Jhunjhunu Gold Scam | Bank Manager Mastermind, 6.5 Cr Fraud

Actionpunjab
8 Min Read


झुंझुनू में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से गोल्ड लोन के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम में सील रखे गए गोल्ड लोन के 450 में से 73 पैकेट्स में असली सोने की जगह नकली ज्वेलरी रख दी।

.

जांच में 4.1 किलो सोने का गबन सामने आया है। इसकी बाजार कीमत 6.5 करोड़ से अधिक है। प्राथमिक जांच में तत्कालीन शाखा प्रबंधक, उप प्रबंधक और बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट की मिलीभगत सामने आई है।

जिले की नवलगढ़ ब्रांच में गबन सामने आने के बाद वो लोन सदमे में हैं, जिन्होंने गोल्ड लोन के एवज में अपने गहने बैंक में जमा कराए थे। ऐसे कुछ लोगों से भास्कर ने बात की। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…

गोल्ड लोन घोटाले में बोहरी देवी के मंगलसूत्र सहित दूसरे गहने भी चले गए।

गोल्ड लोन घोटाले में बोहरी देवी के मंगलसूत्र सहित दूसरे गहने भी चले गए।

  • 2 लाख का गोल्ड लोन था: 45 साल की बोहरी ने बताया- घरेलू जरूरतों के लिए बैंक से ₹2 लाख का गोल्ड लोन लिया था। बदले में मंगलसूत्र, दो नथ, कानों के झूमर और एक सोने की चेन बैंक में जमा करवाई थी। जब उन्हें गोल्ड लोन घोटाले का पता चला तो घबराकर बैंक पहुंची। वहां पता चला कि उनका सोना भी उन पैकेट्स में शामिल है, जिनमें असली गहनों की जगह नकली ज्वेलरी रखी गई है।
  • 100 ग्राम गोल्ड जमा था: गांव की सुमन देवी ने 5.18 लाख का गोल्ड लोन लिया था। इसके बदले उन्होंने लगभग 100 ग्राम सोना बैंक में जमा कराया था। इसके अलावा उनके भांजे धर्मवीर ने भी 102 ग्राम सोना जमा कर ₹7 लाख का गोल्ड लोन लिया था। वहीं, सुमन की भाभी बबीता ने 3.5 तोला सोना देकर ₹80 हजार का लोन लिया था।

अब आगे क्या होगा, कोई कुछ नहीं बता रहा

तीनों जब बैंक पहुंचे तो एक ही जवाब मिला- जांच चल रही है। कुछ दिनों बाद साफ हो गया कि तीनों का सोना उन पैकेट्स में शामिल था, जिनसे असली गहने गायब हो चुके हैं।

सुमन के पति कहते हैं, बेटी की शादी के लिए सोना जोड़ रहे थे। अब सब चला गया। बैंक वाले कहते हैं- मिल जाएगा, नहीं मिला तो सरकार दे देगी। लेकिन कब? कैसे? कुछ नहीं बताया जा रहा।

कैसे हुआ गोल्ड लोन स्कैम

ग्राहकों से सोने की ज्वेलरी जमा कर गोल्ड लोन दिया गया। यह सोना बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम स्थित गोल्ड सेफ में पैकेट्स में सील कर रखा जाता है। आरोपियों ने गोल्ड पैकेट्स को खोला। असली सोने की ज्वेलरी निकाली और उसकी जगह नकली सोना/फैंसी आइटम रख दिए गए। इसके बाद पैकेट्स को दोबारा सील करके रख दिया गया।

इस तरह सामने आया घोटाला

28 जनवरी को गोल्ड सेफ का चार्ज डिप्टी मैनेजर सीमा महला को सौंपा जा रहा था। इससे पहले स्ट्रॉन्ग रूम की चाबियां तत्कालीन बैंक मैनेजर अमित कुमार और डिप्टी मैनेजर अनंतप्रकाश चौधरी के पास थीं। चार्ज ट्रांसफर के दौरान सेफ में रखे गोल्ड पैकेटों के साथ छेड़छाड़ सामने आई।

बैंक की आंतरिक जांच में खुलासा हुआ कि स्ट्रॉन्ग रूम में रखे गोल्ड लोन के कुल करीब 450 पैकेट्स में से 73 पैकेट्स में असली सोने की जगह नकली ज्वेलरी रखी गई थी।

इस पूरे घोटाले के केंद्र में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित जांगिड़ का नाम सामने आया। बैंक की शिकायत पर उनके साथ उप प्रबंधक अनंत प्रकाश चौधरी और बैंक के बीसी संचालक संतोष कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

फर्जी लोन भी बांटे

जांच में ये भी सामने आ रहा है कि कई लोगों को फर्जी लोन भी दिया गया है। कुछ ऐसे नाम भी सामने आए हैं, जिनको कागजों में लोन देना बताया गया है, लेकिन हकीकत में उस नाम के व्यक्ति मौजूद ही नहीं हैं।

अब पता लगाया जा रहा है कि इस तरह से कितनी राशि का गबन किया गया है । कई सरकारी योजनाओं के नाम पर भी फर्जीवाड़ा करके लोन देने की बात सामने आई है। जिसमें सबसे ज्यादा महिलाओं को टारगेट किया गया है।

बैंक मैनेजर ने खरीदी करोड़ों की जमीन

आरोपी बैंक मैनेजर अमित कुमार जांगिड़ का परिवार सीथल गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं) में ही रहता है। उसके घर में पत्नी और एक बेटी है। माता-पिता और छोटा भाई भी साथ रहते हैं।

आरोपी के पिता सामान्य किसान हैं, जबकि उसका छोटा भाई पोस्ट ऑफिस में कार्यरत है। घर में करीब 40 से 50 गाय-भैंस हैं और डेयरी से जुड़ा कार्य भी किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार अमित कुमार जांगिड़ ने हाल के वर्षों में करोड़ों रुपये की जमीन खरीदी है, जिस पर एक डेयरी प्लांट भी लगाया है। जानकारी के अनुसार उसने अलग-अलग जगहों पर और भी जमीनें खरीदी हैं

बैंक का तर्क : जल्दी पूरी करेंगे क्लेम प्रक्रिया

पीएनबी के एजीएम सुधीर कुमार साहू का कहना है कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुछ कर्मचारी सोना चोरी कर ले गए। बैंक की कोशिश है कि क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए, ताकि किसी भी ग्राहक को नुकसान न हो।

आगे की जांच पुलिस द्वारा ही की जा रही है। कुछ मामलों में क्लेम को लेकर तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिन्हें दूर करने के लिए हम विकल्पों पर काम कर रहे हैं।

पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश जारी

एएसपी देवेंद्र राजावत का कहना है बैंक अधिकारी मुकेश कुमार सिहाग की शिकायत पर तत्कालीन मैनेजर अमित जांगिड़, उप प्रबंधक अनंत प्रकाश चौधरी और बैंक के बीसी संचालक संतोष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

….

बैंक से गोल्ड गायब होने की ये खबर भी पढ़िए…

राजस्थान में बैंक से 6.50 करोड़ रुपए का सोना गायब:73 पैकेट में असली गोल्ड की जगह नकली रखा, तत्कालीन मैनेजर समेत 3 पर केस

झुंझुनूं में पंजाब नेशनल बैंक से 4.198 किलो सोने की ज्वेलरी गायब हो गई। गोल्ड सेफ की जिम्मेदारी बैंक में दूसरे कर्मचारी को सौंपने के दौरान हुई जांच के दौरान मामले का खुलासा हुआ। पूरी खबर पढ़िए…

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *