![]()
जालौन के कोटरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार कार पहले बाइक से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को मेडिकल कॉलेज उरई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में से एक की पहचान पचीपुरा निवासी जितेंद्र सिंह (25) पुत्र बलबीर सिंह के रूप में हुई है। दूसरे युवक की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कोंच से पथरी की दवा लेने कोटरा क्षेत्र गए थे। दवा लेकर लौटते समय कोटरा क्षेत्र में एक प्लांट के पास उनकी कार की सामने से आ रही मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से फिसलकर नहर में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोटरा थाना प्रभारी विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
नहर में गिरी कार को जेसीबी मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुचारू कराया। पुलिस ने मृतक जितेंद्र सिंह के परिजनों को सूचना दे दी है। दूसरे मृतक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जालौन में कार नहर में गिरी, दो युवकों की मौत:बाइक से टकराने के बाद बेकाबू हुई, पथरी की दवा लेने गए थे
Leave a comment