![]()
फाजिल्का के अबोहर में एक पांच वर्षीय बच्चा उबलते पानी से गंभीर रूप से झुलस गया। यह घटना आज सुबह ईदगाह बस्ती क्षेत्र में हुई, जब बच्चे की मां उसे नहलाने के लिए गर्म पानी लेकर जा रही थी। बाल्टी अचानक टूट जाने से खौलता पानी सीधे बच्चे पर गिर गया। झुलसे बच्चे की पहचान शेखर पुत्र विनोद कुमार (लगभग 5 वर्ष) निवासी ईदगाह बस्ती गली नंबर 4, अबोहर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शेखर की मां सुबह उसे नहलाने की तैयारी कर रही थी। वह पूरी तरह गर्म पानी से भरी बाल्टी लेकर बाथरूम में दाखिल हुई, तभी बाल्टी का तला टूट गया। खौलता हुआ पानी सीधे शेखर के शरीर पर गिर पड़ा। परिजनों के अनुसार, पानी इतना गर्म था कि बच्चे का पेट से लेकर दोनों पैरों तक का हिस्सा झुलस गया और उसकी त्वचा जल गई। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
फाजिल्का में 5 साल का मासूम उबलते पानी से झुलसा:मां नहलाने ले जा रही थी, गर्म पानी की बाल्टी टूटने से हुआ हादसा
Leave a comment