हांसी का सुभाष मलिक हत्याकांड:पुलिस को तीसरे दिन भी सुराग नहीं मिला; DSP से मिले प्रॉपर्टी डीलर, सुरक्षा की मांग

Actionpunjab
2 Min Read




हिसार जिले के हांसी में प्रॉपर्टी डीलर सुभाष मलिक की हत्या के तीसरे दिन भी पुलिस जांच जारी रही। तीन दिन पहले हुड्डा सेक्टर-6 में उनके ऑफिस में यह वारदात हुई थी। गुरुवार को प्रॉपर्टी संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और डीलरों ने घटनास्थल पर पहुंचकर DSP विनोद शंकर से मुलाकात की। उन्होंने हत्याकांड की निंदा करते हुए पुलिस को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसमें सब्जी मंडी प्रधान अनिल चावला, राजेंद्र प्रॉपर्टी डीलर और संगठन के प्रधान राजेश बंसल सहित कई प्रॉपर्टी कारोबारी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख चौकों और बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक वारदात की जांच में पुलिस को तुरंत साक्ष्य मिल सकें। DSP ने गहन जांच का आश्वासन दिया डीएसपी विनोद शंकर ने आश्वासन दिया कि पुलिस और CIA की कई टीमें मामले की गहन जांच कर रही हैं। वारदात से जुड़े हर पहलू, जैसे आपसी रंजिश, लूट और अन्य संभावित कारणों पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमलावरों का सुराग नहीं मिलने पर रोष उल्लेखनीय है कि अज्ञात हमलावरों ने सुभाष मलिक पर उनके कार्यालय में घात लगाकर हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या का तीसरा दिन बीतने के बाद भी हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिलने से व्यापारियों में रोष है। आंदोलन की चेतावनी प्रॉपर्टी डीलरों ने यह भी कहा कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे पुलिस प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखेंगे। उन्होंने जरूरत पड़ने पर आंदोलन करने की बात भी कही।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *