बरेली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़:एक के पैर में लगी गोली, शास्त्री नगर में मोबाइल-चेन लूटने वालों को पुलिस ने घेरा

Actionpunjab
3 Min Read




बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कूदेशिया फाटक की ओर भाग रहे स्प्लेंडर सवार दो संदिग्धों को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने रफ्तार बढ़ा दी। घेराबंदी होते देख बदमाशों ने आरपीएफ बैरक के पास रेलवे लाइन के किनारे पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। सीओ सिटी आशुतोष शिवम का बयान पूरे घटनाक्रम पर सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया, “पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवारों ने भागने का प्रयास किया। कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली, इज्जतनगर और बारादरी पुलिस को भी अलर्ट किया गया था। मुठभेड़ के दौरान उदय ठाकुर के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके साथी मनोज भास्कर को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया है। इनके पास से अवैध असलहे और कारतूस बरामद हुए हैं। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।” शास्त्री नगर गेट पर की थी लूट की कोशिश पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त उदय ठाकुर और मनोज भास्कर ने 4 फरवरी की शाम शास्त्री नगर गेट के पास राहुल गंगवार नाम के युवक से मोबाइल और चेन छीनने का प्रयास किया था। विरोध करने पर बदमाशों ने राहुल के सिर पर कड़े से हमला किया और तमंचे से फायर कर सनसनी फैला दी थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना प्रेमनगर में बीएनएस की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी। अवैध असलहे और बाइक बरामद मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब इन बदमाशों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *