लुधियाना में वकील पर हमला, कार छीनी:नकाबपोश तीन युवकों ने जान से मारने की कोशिश की, गिरफ्तारी की मांग

Actionpunjab
3 Min Read




पंजाब के लुधियाना जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए शुक्रवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने एक वकील को निशाना बनाया। बार एसोसिएशन समराला के संयुक्त सचिव एडवोकेट कमलजीत सिंह जब सुबह करीब 8:45 बजे अपनी कार से समराला कोर्ट जा रहे थे, तब गांव राजगढ़ के पास एक सफेद स्कूटी पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे स्कूटी लगाकर उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पिस्तौल तानकर वकील को बंधक बनाने की कोशिश की, लेकिन कमलजीत सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को धक्का दिया और पास के खेतों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान हमलावर उनकी कार लेकर फरार हो गए। पुरानी रंजिश में हमला पीड़ित वकील कमलजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में एक हमलावर की पहचान अवतार सिंह के रूप में की है, जो गांव ढींडसा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि अवतार सिंह समराला कोर्ट में ही एक वकील के पास मुंशी का काम करता था। हाल ही में एक साथी वकील के साथ दुर्व्यवहार करने के कारण बार एसोसिएशन के निर्देश पर उसे काम से हटा दिया गया था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। थाना प्रभारी पवित्र सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी अवतार सिंह और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। वकीलों में भारी रोष, गिरफ्तारी की मांग इस घटना के बाद वकीलों में भारी डर और गुस्सा देखा जा रहा है। बार एसोसिएशन समराला के अध्यक्ष एडवोकेट जसप्रीत सिंह कलालमाजरा ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए डीएसपी समराला और एसएचओ माछीवाड़ा से मुलाकात की। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। जसप्रीत सिंह ने कहा कि सरेआम वकील पर हमला होना समाज के लिए खतरनाक संकेत है और ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त एक्शन लेना जरूरी है ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *