- Hindi News
- National
- Breaking News LIVE Updates: Rajasthan, Delhi, MP, UP, Maharashtra, Mumbai
1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बीजेपी अध्यक्ष अमित सातम ने बीजेपी कॉर्पोरेटर रितु तावड़े को मुंबई मेयर पद के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। वह जल्द ही अपना नॉमिनेशन फाइल करेंगी। शिवसेना ने महायुति गठबंधन के लिए कॉर्पोरेटर संजय घाडी को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है और वह भी जल्द ही अपना नॉमिनेशन फाइल करेंगे।
मेयर और डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवारों के नाम फाइनल होने के बाद अब चुनाव अधिकारी के पास मेयर पद के लिए उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल किया जाएगा। इसके बाद 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे मेयर का चुनाव होगा। संभावना है कि शिवसेना ठाकरे गुट भी इस चुनाव में मेयर पद के लिए उम्मीदवार खड़ा करेगा।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
आंध्र प्रदेश में चलती बस में लगी आग, ड्राइवर की सूझबूझ से 39 यात्रियों की जान बची

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में केसर टोल गेट के पास शुक्रवार सुबह एक प्राइवेट बस में आग लग गई। बस हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, बस के पिछले हिस्से में बने इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद सभी 39 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मथुरा में एक्सप्रेस-वे पर 6 की मौत, कंटेनर ने रौंदा; बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े थे

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस से उतरकर खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया। हादसे में 6 की मौके पर मौत हो गई। एक गंभीर घायल है। घटना शनिवार तड़के 2.45 बजे की है।
जानकारी के मुताबिक, बस नोएडा से फर्रुखाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने ड्राइवर को बाथरूम के लिए बस रोकने को कहा। ड्राइवर ने ग्रीन जोन की बजाय रास्ते में बस रोक दी। कुछ यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए, तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने पहले बस को टक्कर मारी। फिर यात्रियों को रौंद दिया। कंटेनर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पढ़ें पूरी खबर…
मेघालय खदान हादसे में मौतों का आंकड़ा 25 पहुंचा, 2 मालिक गिरफ्तार

मेघालय के ईस्ट जैंतिया हिल्स जिले में अवैध ‘रैट-होल’ कोयला खदान हादसे में मौत का आंकड़ा 25 हो गया है। गुरुवार सुबह डायनामाइट विस्फोट के बाद हुए इस हादसे में 8 मजदूर घायल भी हुए हैं।एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्पेशल रेस्क्यू टीमें तब से लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं।
हालांकि, कच्ची खदान की संकरी सुरंगों में पानी भर गया है। विस्फोट के बाद जहरीली गैस जमा होने से रेस्क्यू की रफ्तार धीमी है। पुलिस ने अवैध खदान चलाने के आरोप में दो मालिकों (शमेही वार और फॉर्मे चिरमांग) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की पहचान कर ली गई है।
सीएम कॉनराड संगमा के निर्देश पर खनन और स्वास्थ्य विभाग के दो कैबिनेट मंत्री मौके पर पहुंचे। इस हादसे में नेपाल के सगे भाई पूर्ण बहादुर खापांगी और सुरेंद्र खापांगी की मौत हुई है।
चेन्नई में बर्ड फ्लू; 1,500 कौवे मृत मिले; निगरानी बढ़ाई गई

तमिलनाडु सरकार ने राज्य के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में कौओं की मौत के बाद बर्ड फ्लू (एवियन फ्लू, एच5एन1) को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। चेन्नई और आस‑पास के इलाकों में 1,000–1,500 से अधिक कौवे मृत पाए गए हैं।
इनके सैंपलों में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई है। सरकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। स्लॉटरहाउस और बीमार या मृत पक्षियों को संभालने वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है।