![]()
गोरखपुर में मतदाता सूची संशोधन को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। तहसील बांसगांव के अंतर्गत ग्राम सभा अतरौली के ग्राम साईताल से जुड़े 81 पात्र मतदाताओं के नाम बिना किसी पूर्व सूचना के मतदाता सूची से गायब कर दिए जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में ग्राम सभा अतरौली के रहने वाले शिकायतकर्ता प्रतीक शुक्ला ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रतीक शुक्ला का कहना है कि जिन 81 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, वे सभी लंबे समय से अपने पैतृक गांव साईताल में रह रहे हैं। इन सभी मतदाताओं की उम्र, निवास और अन्य सभी आवश्यक पात्रता पूरी हैं। इसके बावजूद बिना किसी सूचना के नाम हटा दिया जाना गंभीर लापरवाही है। गांव में नहीं दी गई नाम हटने कि जानकारी
आरोप है कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के बाद संबंधित BLO की ओर से न तो गांव में किसी प्रकार की सूचना दी गई और न ही किसी मतदाता को व्यक्तिगत रूप से इसकी जानकारी दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नियमानुसार सूचना दी जाती, तो वे समय रहते आपत्ति दर्ज करा सकते थे। सूचना के अभाव में प्रभावित मतदाता दावा-आपत्ति की प्रक्रिया नहीं कर सके। अब स्थिति यह बन गई है कि आगामी चुनाव में 81 पात्र मतदाता मतदान नहीं कर पाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह सीधे तौर पर उनके संवैधानिक मताधिकार को प्रभावित करता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बताया खतरा
शिकायतकर्ता का कहना है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम इस तरह हटाया जाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है। उनका आरोप है कि बिना सूचना और बिना सुनवाई की गई कार्यवाही संविधान प्रदत्त अधिकारों के विपरीत है। प्रतीक शुक्ला ने इस पूरे मामले में संबंधित BLO की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए विभागीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमों और दिशा-निर्देशों का सही तरीके से पालन किया गया होता, तो इतनी बड़ी संख्या में मतदाता सूची से बाहर नहीं होते।
गोरखपुर मतदाता सूची से 81 नाम बिना सूचना हटाए गए:शिकायतकर्ता ने BLO पर गंभीर आरोप लगाए, निष्पक्ष जांच की मांग
Leave a comment