![]()
सोनीपत जिले में एक कॉलोनी में पिछले करीब एक साल से सीवरेज ओवरफ्लो हो रहा है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है और पूरी गली तालाब में तब्दील हो चुकी है। घरों के सामने कई-कई फुट तक सीवरेज का गंदा पानी जमा है, जिससे बदबू और गंदगी का आलम बना हुआ है। बार-बार शिकायतों और अधिकारियों के दौरे के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। परेशान कॉलोनीवासियों ने वीरवार को एकत्रित होकर नगर निगम कमिश्नर को शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की। वहीं कॉलोनी के लोगों ने कहा कि उनके वार्ड को बेसहारा बनाकर छोड़ दिया है, इसलिए किसी को भी वोट नहीं देंगे। गली बनी तालाब, घरों में कैद हुए लोग नरेंद्र नगर की गली नंबर 1 में पिछले लगभग एक साल से सीवरेज का पानी लगातार सड़कों पर ओवरफ्लो हो रहा है। हालत यह है कि गली में कई फुट तक गंदा पानी ठहरा हुआ है, जिससे लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं। घरों के बाहर निकलना जोखिम भरा बन गया है और रोजमर्रा की जिंदगी पूरी तरह प्रभावित हो रही है। लोगों ने कहा नहीं देंगे वोट नगर निगम कार्यालय में पहुंचे हुए कॉलोनी के लोगों का कहना है कि 1 साल गली में गंदे पानी के जल भराव से परेशान हैं। किसी ने भी कोई समाधान नहीं करवाया है। नगर निगम मेयर और वार्ड पार्षद का चुनाव होगा तो किसी को भी वोट नहीं देंगे। सभी झूठे दावे करके जाते हैं। बच्चों-बुजुर्गों के लिए सबसे ज्यादा परेशानी जलभराव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बुजुर्ग गंदे पानी में फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। महिलाएं भी घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। लोगों का कहना है कि गली में चलना किसी खतरे से कम नहीं है। बीमारी फैलने का खतरा सीवरेज का गंदा पानी लंबे समय से गली में भरा रहने के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि यही गंदा पानी पीने के पानी की सप्लाई में भी मिक्स होकर घरों तक पहुंच रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर खतरे पैदा हो गए हैं। बदबू और गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र का वातावरण दूषित हो चुका है। शिकायतों के बावजूद नहीं समाधान स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार नगर निगम कार्यालय में शिकायत दे चुके हैं। जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के सदस्यों ने भी क्षेत्र का दौरा किया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। अधिकारियों के आदेश देने के बावजूद निचले स्तर पर कर्मचारियों द्वारा काम नहीं किया जा रहा है, जिससे हालात जस के तस बने हुए हैं। नगर निगम कमिश्नर को सौंपी शिकायत वीरवार को गली के बुजुर्ग, महिलाएं और अन्य निवासी एकत्रित होकर सोनीपत नगर निगम कमिश्नर को अपनी लिखित शिकायत देने पहुंचे। उन्होंने मांग की, कि समस्या का शीघ्र निरीक्षण कर सीवरेज लाइन की सफाई, मरम्मत या आवश्यकता पड़ने पर उसे बदलने का कार्य तुरंत कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
सोनीपत में सीवरेज ओवरफ्लो को लेकर भड़के लोग:निगम अधिकारियों को दी चेतावनी; महिलाएं बोलीं- निकाय चुनाव में नहीं डालेंगे वोट
Leave a comment