![]()
साढ़ थाना क्षेत्र के भीतरगांव चौकी अंतर्गत बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर पर मिक्सर मशीन लादकर लेंटर डालने के लिए मजदूर गांव जा रहे थे।
साढ़ थाना क्षेत्र के सतरहुली गांव निवासी जंगलाल पासवान का पुत्र सत्यनारायण (35) अपने साथियों सिपाही लाल और सुनील पासवान के साथ ट्रैक्टर में बैठकर गांव छांजा रायपुर जा रहा था। ट्रैक्टर पर निर्माण कार्य के लिए मिक्सर मशीन भी लगी हुई थी। जैसे ही वाहन लालपुर बंबा चौराहा के आगे पहुंचा, अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और मिक्सर मशीन समेत पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सत्यनारायण की हालत गंभीर देखते हुए उसे कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सत्यनारायण ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही साढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है। साढ़ थाना प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और तहरीर मिलने के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साढ़ में अनियंत्रित ट्रैक्टर-मिक्सर मशीन पलटी, एक की मौत:लेंटर डालने जा रहे थे मजदूर, लालपुर बंबा के पास हुआ हादसा
Leave a comment