संगरूर से AAP की विधायक नरिंदर कौर भराज और हरियाणा CM नायब सैनी।
पंजाब में 2027 के चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने BJP पर पंजाब में ऑपरेशन लोटस पार्ट-2 चलाने का गंभीर आरोप लगाया। आप के प्रवक्ता बलतेज पन्नू व संगरूर से विधायक नरिंदर कौर भराज ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा के CM नायब सैनी पर विधायकों क
.
संगरूर से आम आदमी पार्टी की विधायक नरिंदर कौर भराज ने दावा किया कि हरियाणा के CM नायब सैनी ने उन्हें बंद कमरे में मीटिंग का ऑफर दिया और संगरूर से टिकट देने का वादा किया।
नरिंदर कौर भराज ने कहा कि ऑपरेशन लोटस की चर्चा जिस तरह पूरे देश में है, उसी तर्ज पर हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने पिछले दिनों मेरे साथ संपर्क किया और बंद कमरे में मीटिंग का प्रपोजल दिया।
उन्हें कहा गया कि बंद कमरे में भाजपा की पंजाब को लेकर अगली राजनीति पर चर्चा करने के लिए संपर्क किया गया। मगर, उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
इससे पहले भी सरकार बनने के बाद AAP ने आरोप लगाया था कि BJP सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। उस वक्त भी कुछ विधायकों ने ऐसे ही बयान दिए थे। इसको लेकर DGP को शिकायत तक दी गई थी।
उधर, CM नायब सैनी ने MLA खरीदने के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि जिस विधायक ने आरोप लगाया, उसे मैं जानता तक नहीं, पंजाब की जनता जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा सरकार बनेगी तो गैंगस्टरवाद खत्म होगा।

विधायक के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP के जनरल सेक्रेटरी बलतेज पन्नू भी आए। उन्होंने कहा कि भाजपा की कोशिश फेल होगी।
ऑपरेशन लोटस को लेकर AAP विधायक की अहम बातें…
- हरियाणा CM ने कहा- हर डिमांड पूरी करेंगे: नरिंदर कौर भराज ने कहा कि भाजपा को हर हलके में उम्मीदवार चाहिए। इसलिए वो अन्य दलों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सीएम सैनी ने उन्हें मीटिंग करने के लिए संपर्क किया और कहा कि तुम्हें संगरूर से टिकट देंगे और आपकी कोई अन्य डिमांड है तो उसे भी पूरा कर देंगे।
- AAP ने मुझे नरिंदर कौर भराज बनाया: भराज ने कहा कि मैं मीडिया के माध्यम से हरियाणा के मुख्यमंत्री को बताना चाहती हूं कि मुझे नरिंदर कौर भराज आम आदमी पार्टी व संगरूर के लोगों ने बनाया है। 19 साल की उम्र में गांव भराज में पहली महिला पोलिंग एजेंट बनने का मुझे मौका मिला था। सबको इस बारे में पता है उस दिन से लेकर आज तक आप की नीतियों के साथ चल रही हूं।
- बैनर लगाने, बसें भरने की सेवा आज भी जारी: नरिंदर कौर भराज ने कहा- उस समय अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान व पार्टी की नीतियों को देखकर युवा उनके साथ जुड़े तो मैं भी जुड़ी। 2014 से अब तक पार्टी ने जो काम कहा वो किया। बैनर लगाने से लेकर बसें भरने तक सभी काम कर रही हूं। पार्टी ने 27 साल की उम्र में मुझे टिकट दी और लोगों ने मुझे एमएलए बनाया।
- तुम्हारी राजनीति की शिकार नहीं बनूंगी: नरिंदर कौर भराज ने कहा कि मैं सैनी साहब को कहना चाहती हूं कि इस भूल में मत रहना कि मैं आपकी इस राजनीति का शिकार बन जाऊंगी। हम सिस्टम को बदलने आए थे। लोगों को अच्छी शिक्षा व सेहत देने के लिए हम केजरीवाल व मान साहब के साथ आए थे। आज उस चीज पर हम डटकर खड़े हैं। नरिंदर कौर भराज ने कहा कि हरियाणा के सीएम को मेरे राजनीतिक करियर की फिक्र छोड़ देनी चाहिए। मुझे 2027 में चुनाव लड़ना है या नहीं ,कहां से लड़ना, यह सब मेरी पार्टी तय करेगी।
- भाजपा ने सैनी को डेपुटेशन पर पंजाब भेजा: नरिंदर कौर भराज ने कहा कि हरियाणा के सीएम सैनी जिस तरह से आजकल पंजाब में घूम रहे हैं उससे यह लगता है कि भाजपा ने उन्हें डेपुटेशन पर पंजाब में भेज दिया है। हम पार्टी के डेडिकेटेड वर्कर हैं। कल भी थे आज भी हैं और भविष्य में भी रहेंगे। आप के सभी विधायक, मंत्री व कार्यकर्ता सभी 2027 की तैयारी में जुटे हैं।
बलतेज पन्नू बोले, हमारे MLA नहीं बिके आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि भाजपा पहले भी हमारे एमएलए को खरीदने की कोशिश कर रही थी, लेकिन हमारे एमएलए नहीं बिके। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी कोशिश की लेकिन हमारे एमएलए वहां भी डटे हैं। भाजपा की इस बार की चाल भी फेल होगी।

नरिंदर कौर भराज की यह फोटो 2022 के चुनाव में प्रचार के समय की है। वह स्कूटी पर प्रचार करती थीं।
MLA नरिंदर भराज के बारे में जानिए
नरिंदर कौर भराज के पास लॉ की डिग्री है। 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी जॉइन की। उस समय भगवंत मान संगरूर लोकसभा सीट से AAP के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे।
अकाली दल का इतना दबदबा था कि नरिंदर कौर के गांव भराज में AAP का बूथ तक नहीं लगने दिया। तब नरिंदर कौर महज 19 साल की थीं। अकालियों के सामने वह बूथ लगाने पर अड़ गईं और अपने गांव में अकेले बूथ लगाया।
चुनाव के बाद भगवंत मान नरिंदर कौर से मिलने पहुंचे। 2022 में संगरूर विधानसभा सीट से टिकट दे दिया। मुकाबला कांग्रेस के मंत्री विजयइंदर सिंगला से था।
चुनाव के वक्त वह 24 हजार की प्रॉपर्टी और एक स्कूटी की मालकिन थी। नरिंदर घर के काम निपटाकर प्रचार करने निकलती थीं। स्कूटी से ही जनसंपर्क करती रहीं। सिंगला को 36,430 वोटों से शिकस्त दी।
भराज के दावे पर सीएम सैनी ने क्या कहा…
- मैं उन्हें जानता तक नहीं: हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने विधायक भराज द्वारा लगाए गए “MLA खरीदने” के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस विधायक ने उन पर आरोप लगाया है, वे उसे व्यक्तिगत रूप से जानते तक नहीं हैं। सीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद, निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं।
- आरोपों का जवाब जनता स्वयं देगी: उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह के आरोप लगाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पंजाब की जनता सब देख और समझ रही है तथा आने वाले समय में ऐसे आरोपों का जवाब जनता स्वयं देगी। सीएम ने कहा कि भाजपा साफ-सुथरी राजनीति में विश्वास करती है और पार्टी की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल जब जनता के बीच अपनी जमीन खोने लगते हैं तो इस प्रकार के आरोपों का सहारा लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रही हैं, लेकिन अब जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली।
- पंजाब और हरियाणा का खून का रिश्ता: पंजाब की राजनीति पर बोलते हुए सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का खून का रिश्ता है और दोनों राज्यों के लोग एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि चाहे पंजाब में कांग्रेस की सरकार रही हो या आम आदमी पार्टी की, दोनों सरकारों के कार्यकाल में आम लोगों को निराशा ही हाथ लगी है।

*******************
ये खबर भी पढ़ें:
AAP MLA बोलीं -धौण ते गोड्डा रख 117 सीटां जित्तांगे: चंडीगढ़ प्रोटेस्ट का VIDEO वायरल हुआ; कांग्रेस बोली- पंजाब दबता नहीं, 2027 में जवाब मिलेगा

जालंधर के नकोदर से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक इंद्रजीत कौर मान अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गई हैं। इंद्रजीत ने कहा कि पहले हमने 92 सीटें जीती थीं, अब 117 सीटें गर्दन पर घुटना रखकर जीतकर दिखाएंगे।
उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि आम आदमी पार्टी आपकी गर्दन पर घुटना रखकर (तुहाडी धौण ते गोड्डा रखांगे) ये जीत हासिल करेगी। विधायक यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने यह बात तीन बार दोहराई और कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी पंजाब में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम भगवंत मान ने पार्टी को मेहनत करना सिखाया है और मेहनत का खून अब उनकी रगों में बह रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)