![]()
यमुनानगर में पांवटा साहिब रोड स्थित बूड़िया चुंगी के पास कृष्णा मेटल के संचालक संदीप गोयल के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। वहीं मॉडल कॉलोनी स्थित प्रॉपर्टी कारोबारी दीपक सोंधी के घर पर भी ईडी टीम की मौजूदगी बनी हुई है। दोनों स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य गेट पर पहरा लगाया गया है और किसी भी व्यक्ति को अंदर-बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही। दस्तावेजों की गहन जांच हो रही करीब 36 घंटे से अधिक समय से चल रही इस कार्रवाई के दौरान टीम वित्तीय लेनदेन, निवेश और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। शहर के कारोबारी वर्ग में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, दीपक सोंधी प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े हैं, जबकि संदीप गोयल ‘कृष्णा मेटल’ नाम से फैक्ट्री संचालित करते हैं। करीब दो वर्ष पहले दोनों ने हिमाचल प्रदेश के काला आंब क्षेत्र में साझेदारी में लेड की फैक्ट्री स्थापित की थी और इस दौरान कई जमीनों में संयुक्त निवेश भी किया। बाद में दोनों की कारोबारी राहें अलग हो गईं, लेकिन अब जांच एजेंसी की कार्रवाई दोनों के ठिकानों तक पहुंच गई है। तांबे की क्वाइल और मेटल शीट के कारोबार से जुड़े बताया जाता है कि ‘कृष्णा मेटल’ शहर की पुरानी औद्योगिक इकाइयों में शामिल है और गोयल परिवार की अन्य इकाइयां भी इसी नाम से संचालित होती रही हैं। संदीप गोयल लंबे समय से तांबे की क्वाइल और मेटल शीट के कारोबार से जुड़े हैं और औद्योगिक क्षेत्र में उनकी पहचान एक स्थापित कारोबारी के रूप में मानी जाती है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में उनके नाम पर कई संपत्तियां होने की भी चर्चा है, जिनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच ईडी टीम कर रही है। हालांकि, कार्रवाई के कारणों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लगातार दूसरे दिन जारी इस छापेमारी से शहर के कारोबारी जगत में हलचल बनी हुई है और सभी की नजरें जांच के नतीजों पर टिकी हैं।
यमुनानगर में ईडी की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी:दो कारोबारियों के ठिकानों पर सख्त पहरा, अंदर-बाहर आने की नहीं है अनुमति
Leave a comment