नई दिल्ली2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी से पांच सवाल किए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस डील के नाम पर भारतीय किसानों के साथ विश्वासघात हो रहा है। गांधी ने कहा कि यह मुद्दा देश की कृषि के भविष्य से जुड़ा है।
उन्होंने पीएम मोदी से सवाल करते हुए लिखा कि किसानों को जवाब तो मिलने ही चाहिए। यह सिर्फ आज की बात नहीं है। ये भविष्य की भी बात है। क्या हम किसी दूसरे देश को भारत की कृषि उद्योग पर लंबे समय की पकड़ बनाने दे रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट 5 सवाल किए-
- ड्राइड डिस्टिलर्स ग्रेन्स (DDG) इम्पोर्ट करने का क्या मतलब है? क्या इसका मतलब यह है कि भारतीय जानवरों को GM अमेरिकी मक्का से बने डिस्टिलर अनाज (चारा) खिलाए जाएंगे? क्या इससे हमारे डेयरी प्रोडक्ट प्रभावी रूप से अमेरिकी कृषि उद्योग पर निर्भर नहीं हो जाएंगे?
- अगर हम GM सोया तेल के आयात की अनुमति देते हैं, तो मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और देशभर के हमारे सोया किसानों का क्या होगा? वे एक और कीमतों का झटका कैसे झेल पाएंगे?
- जब आप अतिरिक्त उत्पाद कहते हैं, तो उसमें क्या-क्या शामिल है? क्या यह समय के साथ दाल और अन्य फसलों को अमेरिकी आयात के लिए खोलने के दबाव का संकेत है?
- गैर-व्यापार बाधाएं हटाने का क्या मतलब है? क्या भविष्य में भारत पर GM फसलों पर अपने रुख को ढीला करने, खरीद को कमजोर करने या MSP और बोनस को कम करने का दबाव डाला जाएगा?
- एक बार यह दरवाजा खुल गया तो हर साल इसे और ज्यादा खुलने से हम कैसे रोकेंगे? क्या इसकी रोकथाम होगी, या हर बार सौदे में धीरे-धीरे और भी फसलों को मेज पर रख दिया जाएगा?

राहुल ने 14 फरवरी को कहा था- अगर हम अमेरिकी कपास मंगवाते हैं तो हमारे किसान बर्बाद हो जाएंगे।
शाह बोले- राहुल ट्रेड डील पर झूठ फैला रहे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गांधीनगर में राहुल पर आरोप लगाया कि वे US, UK और EU के साथ भारत की ट्रेड डील को लेकर झूठ फैला रहे हैं और किसानों को गुमराह कर रहे हैं।
शाह ने यह भी कहा कि राहुल कोई भी प्लेटफॉर्म चुन लीजिए। BJP युवा मोर्चा के प्रेसिडेंट भी आकर आपसे इस बात पर बहस कर सकते हैं कि किसने किसानों को नुकसान पहुंचाया है और किसने उनकी भलाई के लिए काम किया है।
उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को मजाकिया बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने 2014 के बाद ऐसे किसी भी नियम को आगे नहीं बढ़ाया, जिससे किसानों को नुकसान हो। सरकार ने हर समझौते में कृषि और डेयरी सेक्टर के हित सुरक्षित रखे हैं। किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
ट्रेड डील को लेकर राहुल के आरोपों से जुड़ी खबरें…
14 फरवरी: ट्रेड डील से कपास किसानों को नुकसान
राहुल गांधी लगातार भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार से सवाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि ट्रेड डील से कपास उगाने वाले किसानों और कपड़ा उद्योग पर उल्टा असर पड़ेगा।
राहुल ने आरोप लगाया कि 18% टैरिफ बनाम 0% समझाता हूं, कैसे झूठ बोलने में माहिर प्रधानमंत्री और उनकी कैबिनेट इसपर भ्रम फैला रहे हैं, और किस तरह से वो भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से देश के कपास किसानों और टेक्सटाइल एक्सपोर्टर्स को धोखा दे रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
13 फरवरी: FIR करें, प्रिविलेज प्रस्ताव लाएं, मैं किसानों के लिए लड़ूंगा
राहुल गांधी ने कहा था- FIR हो, मुकदमा दर्ज हो या प्रिविलेज प्रस्ताव लाएं। मैं किसानों के लिए लड़ूंगा। जो भी ट्रेड डील किसानों की रोजी-रोटी छीने या देश की खाद्य सुरक्षा को कमजोर करे, वह किसान-विरोधी है। अन्नदाताओं के हितों से किसान-विरोधी मोदी सरकार को समझौता नहीं करने देंगे। पूरी खबर पढ़ें…
राहुल किसान संगठनों के नेताओं से मिले, ट्रेड डील के खिलाफ आंदोलन पर बातचीत हुई

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 13 फरवरी को संसद भवन परिसर में देशभर के किसान संगठनों के नेताओं से भी मुलाकात की थी। इस बैठक में भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन शुरू करने और किसानों व खेत मजदूरों की रोजी-रोटी बचाने की जरूरत पर बात हुई। पूरी खबर पढ़ें…
——————————————
ये खबर भी पढ़ें…
रिजिजू बोले- सदन चलाने विपक्ष के नेता का मैच्योर होना जरूरी, सुषमा स्वराज का वीडियो शेयर किया

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर दिवंगत भाजपा नेता सुषमा स्वराज का पुराना वीडियों शेयर किया। उन्होंने लिखा कि एक मैच्योर विपक्ष का नेता (LoP) सदन को आसानी से चलाने और पार्लियामेंट्री डेमोक्रेसी को बेहतर बनाने में बहुत काम आता है। पूरी खबर पढ़ें…
