![]()
राजस्थान के लाखों क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मुकाबलों के आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और राजस्थान रॉयल्स के पदाधिकारियों का मंगलवार को स्टेडियम दौरा प्रस्तावित था। आखिरी समय में इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद जयपुर में IPL मैचों के आयोजन पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। दरअसल, राजस्थान रॉयल्स के घरेलू मैच जयपुर में कराने के लिए सरकारी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई थी। राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने BCCI के सचिव देवजीत सैकिया को पत्र लिखकर जयपुर में IPL आयोजन का आग्रह भी किया। स्टेडियम में नॉर्थ-साउथ और ईस्ट स्टैंड की साफ-सफाई और अन्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसके बावजूद BCCI और राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन की ओर से स्पष्ट रुख सामने नहीं आने से स्थिति उलझी हुई है। अंतिम समय में मीटिंग हुई रद्द
SMS स्टेडियम में मुख्य सचिव, BCCI सचिव, राजस्थान रॉयल्स पदाधिकारी और स्पोर्ट्स काउंसिल अध्यक्ष नीरज के. पवन की मंगलवार को बैठक प्रस्तावित थी। यह मीटिंग भी अंतिम समय में रद्द कर दी गई। जबकि IPL शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में मैच आयोजन की तैयारियों के लिए समय लगातार कम होता जा रहा है। सूत्रों के अनुसार राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन जयपुर में IPL मैच कराने के पक्ष में नहीं है। पिछले सीजन के अनुभव, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की आंतरिक राजनीति और स्टेडियम की मौजूदा स्थिति को लेकर कराए गए सीक्रेट सर्वे की रिपोर्ट भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही है। ऐसे में जयपुर से मैच शिफ्ट होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। सरकार करवा रही स्टेडियम का रिनोवेशन
हालांकि राज्य सरकार जयपुर में IPL मैच कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार अपने खर्चे पर स्टेडियम का रिनोवेशन करवा रही है। वहीं राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी भी BCCI के संपर्क में है। इसके बावजूद अब तक मैचों की मेजबानी को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो पाया है। IPL मैचों को लेकर असमंजस ने राजस्थान के क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है। अगर जयपुर से मैच शिफ्ट होते हैं तो यह प्रदेश के खेल प्रेमियों के लिए बड़ा झटका साबित होगा। अब सभी की नजर BCCI और राजस्थान रॉयल्स के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई है।
जयपुर में IPL के लिए BCCI-राजस्थान रॉयल्स का दौरा रद्द:क्रिकेट मैचों पर सस्पेंस बरकरार, SMS स्टेडियम से मैच शिफ्ट होने की संभावना
Leave a comment