![]()
उत्तर प्रदेश के हाथरस में अपराध नियंत्रण को लेकर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में हाथरस पुलिस ने अपराधों पर अधिक प्रभावी नियंत्रण किया है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि जिले में प्रस्तावित नए थानों के सृजन की कार्रवाई प्रक्रिया में है। वार्षिक निरीक्षण और उद्घाटन एडीजी ने जनपद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन स्थित नवनिर्मित जिम्नेजियम हॉल और बैडमिंटन कोर्ट “ऊर्जा” का उद्घाटन किया। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्द द्वारा सलामी दी गई। उन्होंने पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइंस और थाना मुरसान का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी सेल, वीआईपी सेल और जनसुनवाई कक्ष का उद्घाटन भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाचक कार्यालय, प्रधान लिपिक कार्यालय, आंकिक शाखा, डीसीआरबी शाखा, जन सूचना सेल, विशेष जांच प्रकोष्ठ, मॉनिटरिंग सेल, रिकॉर्ड रूम, आईजीआरएस सेल और मानवाधिकार सेल का गहन निरीक्षण किया। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, साफ-सफाई और समयबद्ध कार्य निष्पादन के निर्देश दिए। व्यापारियों से बैठक, पार्किंग समस्या पर चर्चा एडीजी ने पुलिस लाइन में स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों ने शहर में पार्किंग की समस्या उठाई। इस पर उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी मिलकर समाधान निकालेंगे। उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी में उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी सामान्य निगरानी, अपराध नियंत्रण और घटनाओं के खुलासे में बेहद सहायक हैं। इस अवसर पर आईजी अलीगढ़ प्रभाकर चौधरी, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हाथरस में अपराधों पर नियंत्रण बढ़ा:एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा- व्यापारियों ने समस्याओं से कराया अवगत
Leave a comment