![]()
जिले के तकनीकी युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग की ओर से माही डैम रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में गुरुवार को वृहद कैंपस प्लेसमेंट शिविर का आगाज हुआ। इस शिविर में राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों की 13 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने हिस्सा लिया है, जो सीधे इंटरव्यू के जरिए युवाओं की प्रतिभा को परख रही हैं। सुबह से लगी कतारें, 500 से अधिक रजिस्ट्रेशन रोजगार की उम्मीद में जिलेभर से युवा सुबह से ही आईटीआई परिसर पहुंचना शुरू हो गए। जिला रोजगार अधिकारी केआर मेघवाल ने बताया की दोपहर तक 500 से अधिक अभ्यर्थी अपना पंजीयन करा चुके थे। भारी उत्साह को देखते हुए शाम तक यह आंकड़ा 1500 के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। कैंपस में अलग-अलग स्टॉल्स पर कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं के दस्तावेज जांचने और साक्षात्कार लेने में व्यस्त नजर आए। तकनीकी और नॉन-तकनीकी पदों पर भर्ती शिविर की खास बात यह है कि इसमें केवल आईटीआई पासआउट ही नहीं, बल्कि अन्य योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए भी मौके हैं। तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों श्रेणियों में भर्तियां की जा रही हैं। ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन के बाद प्रारंभिक साक्षात्कार और फिर चयन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। विभाग का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को घर के नजदीक और बाहरी राज्यों की बड़ी कंपनियों में सीधे रोजगार से जोड़ना है।
बांसवाड़ा में रोजगार मेला, 13 कम्पनियों ने डाला डेरा:इंटरव्यू से कर रहे चयन, 500 ने करवाया रजिस्ट्रेशन, शाम तक 1500 पहुँचने की उम्मीद
Leave a comment