![]()
मऊ में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दक्षिण टोला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मतलूपुर मोड़ फ्लाईओवर के पास एक कार सवार व्यक्ति को लगभग एक करोड़ रुपये की चरस के साथ गिरफ्तार किया। दक्षिण टोला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर मतलूपुर मोड़ फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार सवार के पास से लगभग पौने दो किलो चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिया निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में जितेंद्र ने बताया कि वह चरस को बलिया से हरियाणा ले जाकर बेचने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, बरामद चरस की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। जांच में आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह पहले भी कई बार तस्करी कर चुका है। वह हर बार अलग-अलग रास्तों से हरियाणा पहुंचता था। इस बार वह मऊ के रास्ते हरियाणा जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हालांकि, उसने दावा किया कि इतनी बड़ी खेप वह पहली बार ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में भी जुट गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
मऊ पुलिस ने एक करोड़ रुपये की चरस पकड़ी:बलिया से हरियाणा ले जा रहा तस्कर गिरफ्तार, पहले भी दूसरे रास्तों से जा चुका
Leave a comment