![]()
झालावाड़ में विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर एक दिवसीय ‘दिव्यांग एक्टीविटी फेस्टिवल’ का आयोजन किया गया। शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित विजयाराजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष योग्यजन बालक-बालिकाओं में आत्मविश्वास, सामाजिक समावेशन और सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम का आयोजन सीडीईओ रामसिंह मीणा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें जिला खेल अधिकारी डॉ. कृपाशंकर शर्मा, एडीपीसी सर्व शिक्षा अभियान कल्याण प्रसाद वर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल ऑफिसर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं के विशेष योग्यजन बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें योगिता उद्यमिता एवं विकास संस्थान, झालावाड़ द्वारा संचालित मानसिक विमंदित गृह एवं मानसिक विमंदित आवासीय विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर समिति, झालरापाटन द्वारा संचालित मूक-बधिर आवासीय विद्यालय तथा निर्मल मॉन्टेसरी नेत्रहीन एवं अस्थि विशेष योग्यजन आवासीय विद्यालय, मुंडेरी के विद्यार्थी शामिल थे। फेस्टिवल के तहत गैर-प्रतिस्पर्धी, मनोरंजक एवं सहभागिता आधारित गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें सॉफ्ट बॉल खेल, लक्ष्य आधारित गतिविधियाँ, रिंग टॉस, वॉकिंग टेबल गेम्स, कैरम, लूडो तथा ग्रुप मूवमेंट जैसी गतिविधियाँ शामिल थीं। इन गतिविधियों के माध्यम से विशेष योग्यजन बच्चों ने अपनी प्रतिभा और समन्वय क्षमता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रतिमा सिंह चौहान (सचिव), संजय शर्मा तथा गजेंद्र रमन सहित संबंधित संस्थाओं के विशेष शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विशेष योग्यजन बालक-बालिकाओं की खेल गतिविधियाँ डॉ. अलीम बेग (खेल प्रभारी, प्रारंभिक शिक्षा, झालावाड़) और विशेष शिक्षकों के निर्देशन में संपन्न हुईं।
झालावाड़ में दिव्यांग एक्टीविटी फेस्टिवल का आयोजन:विशेष योग्यजनों में सामाजिक और सहभागिता की भावना बढ़ाने का प्रयास
Leave a comment