मेक्सिकन सेना के ऑपरेशन में ड्रग-कार्टेल लीडर की मौत:भड़के समर्थकों का हिंसक प्रदर्शन, एयरपोर्ट में तोड़फोड़, गाड़ियां फूंकी; 136 करोड़ का इनामी था

Actionpunjab
6 Min Read




मेक्सिकन सेना ने रविवार को एक ऑपरेशन के तहत देश के सबसे बड़े ड्रग कार्टेल के लीडर को मार गिराया। नेमेसियो रुबन ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ एल मेंचो जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) का लीडर था और दुनिया के मोस्ट वॉन्टेड अपराधियों में शामिल था। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जालिस्को में सेना की कार्रवाई के दौरान वह घायल हुआ। उसे एयरलिफ्ट कर मेक्सिको सिटी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद जालिस्को समेत कई राज्यों में एल मेंचो के समर्थकों ने हिंसक प्रदर्शन किया। कई जगह गाड़ियों में आगजनी और हाईवे जाम की घटनाएं सामने आईं। ग्वाडलाहारा और प्यूर्टो वालार्टा से धुएं और अफरातफरी के वीडियो वायरल हुए हैं। इस कार्टेल को सिनालोआ कार्टेल जितना ही ताकतवर मानता है, जो मेक्सिको के सबसे बदनाम क्रिमिनल ग्रुप में से एक है। इसकी मौजूदगी अमेरिका के 50 राज्यों में है। अमेरिकी सरकार ने एल मेंचो के ऊपर 136 करोड़ रुपए का इनाम रखा था। हिंसा की 4 तस्वीरें… ट्रम्प ने कार्टेल को आतंकवादी संगठन घोषित किया था US स्टेट डिपार्टमेंट ने एल मेंचो की अरेस्ट में मदद करने वाली इन्फॉर्मेशन देने वाले को 15 मिलियन डॉलर (136 करोड़ रुपए) तक का इनाम देने का ऑफर दिया था। जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल जिसे CJNG के नाम से जाना जाता है। मेक्सिको के सबसे ताकतवर और तेजी से बढ़ने वाले क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन में से एक है। यह कार्टेल 2009 में बना था। इसी साल फरवरी में ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन ने कार्टेल को एक विदेशी टेररिस्ट ऑर्गनाइजेशन घोषित किया। मेक्सिको से अमेरिका में होती है ड्रग तस्करी मेक्सिको दुनिया के सबसे बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क का गढ़ माना जाता है, जहां से कोकीन, हेरोइन, मेथ और फेंटेनाइल जैसे बेहद खतरनाक ड्रग अमेरिका तक पहुंचते हैं। अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, देश में ड्रग की सबसे बड़ी सप्लाई मेक्सिकन कार्टेल्स के जरिए होती है। अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा ड्रग मार्केट है। हर साल लाखों लोग नशे की लत के शिकार होते हैं और फेंटेनाइल जैसी दवाओं से हजारों मौतें होती हैं। अमेरिकी सरकार पर लगातार दबाव रहता है कि ड्रग तस्करी पर सख्त कदम उठाए जाएं और इसी वजह से उसकी नजर मेक्सिको में मौजूद कार्टेल्स पर रहती है। दूसरी तरफ, कार्टेल्स मेक्सिको में इतने शक्तिशाली बन चुके हैं कि कई इलाकों में वे पुलिस और सरकार को चुनौती देते हैं। हथियारबंद गिरोह, धमकी, भ्रष्टाचार और हिंसा के चलते स्थानीय प्रशासन भी कई बार उन्हें रोक नहीं पाता। कई कार्टेल्स तो अपने को शेडो गवर्मेंट की तरह चलाते हैं। ट्रम्प भी ड्रग कार्टेल को खत्म करने की धमकी दे चुके वेनेजुएला पर कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने धमकी देते हुए कहा कि उनका प्रशासन जल्द ही जमीन पर मौजूद ड्रग कार्टेल को निशाना बनाने के लिए कार्रवाई शुरू करेगा। ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि मेक्सिको पर ड्रग कार्टेल का राज है। यह अमेरिका में हर साल 2.5 लाख से 3 लाख लोगों की मौत का कारण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि समुद्र के रास्ते से ड्रग्स की तस्करी को 97% तक रोक दिया है, इसलिए अब जमीन पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने योजनाओं के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने ट्रम्प के बयानों का कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने मादुरो की गिरफ्तारी के बाद कहा कि अमेरिका किसी भी क्षेत्र का मालिक नहीं है। न्यू जेनरेशन कार्टेल के पास मशीन गन, टैंक भी मौजूद द गार्डियन की एक रिपोर्ट के अनुसार मेक्सिको के सबसे बड़े सिनालोआ कार्टेल के पास 600 से अधिक विमान और हेलीकॉप्टर हैं। ये संख्या मेक्सिको की सबसे बड़ी एयरलाइंस एयरो मेक्सिको से पांच गुना ज्यादा है। कार्टेल्स अब ड्रोन और आर्मर्ड व्हीकल्स पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं। जैसे जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के पास मशीन गन, टैंक और बॉडी आर्मर से लैस ग्रुप्स हैं। कुल मिलाकर, कार्टेल्स की “प्राइवेट सेना” या मेंबर्स की संख्या 2022-2023 में 160,000 से 185,000 अनुमानित थी, जो मेक्सिको में पांचवीं सबसे बड़ी एम्प्लॉयर बनाती है मेक्सिको गृह मंत्रालय की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार कार्टेल के पास एके-47 और एम-80 जैसे असॉल्ट राइफलों का जखीरा है। हर साल सुरक्षा एजेंसियों के द्वारा ड्रग कार्टेल के कब्जे से 20 हजार से ज्यादा असॉल्ट राइफलों की बरामदगी की जाती है। मेक्सिको के ड्रग कार्टेल्स सबसे ज्यादा कमाई करने वाले क्रिमिनल ग्रुप्स मेक्सिको सरकार कार्टेल से बरामद किए जाने वाले हथियारों को तबाह करती है। इनका फिर से इस्तेमाल नहीं किया जाता है। कार्टेल इन हथियारों को अमेरिकी माफिया से ड्रग्स की सप्लाई के बदले में करते हैं। 5 साल के दौरान कार्टेल ने रॉकेट लॉन्चर्स भी हासिल कर लिए हैं। इनका इस्तेमाल सरकारी टोही विमानों पर हमले के लिए करते हैं। UN वर्ल्ड ड्रग रिपोर्ट 2025 के अनुसार, मेक्सिको के ड्रग कार्टेल्स अब दुनिया के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले क्रिमिनल ग्रुप्स हैं, जो सालाना $12.1 बिलियन (करीब 1 लाख करोड़ रुपये) से ज्यादा कमाते हैं। यह मुख्य रूप से कोकेन, हेरोइन, मेथ और फेंटेनिल की तस्करी से आता है, और मेक्सिको के कार्टेल्स कोलंबिया के कार्टेल्स से आगे निकल गए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *