![]()
फतेहाबाद जिले के टोहाना में आर्थिक अपराध शाखा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक इमिग्रेशन सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवाओं को कनाडा भेजने का झांसा देकर लाखों रुपए हड़पने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमालपुर शेखा निवासी शीशपाल के रूप में हुई है। वह रतिया रोड स्थित ‘याना इंस्टीट्यूट’ का संचालक है। शिकायतकर्ता रतिया रोड निवासी सुशील कुमार ने पुलिस को बताया कि शीशपाल ने उनके बेटे नारायण को स्टडी वीजा पर कनाडा भेजने का वादा किया था। इस एवज में उसने 5.10 लाख रुपए लिए थे, लेकिन वीजा नहीं लगवाया और पैसे भी वापस नहीं किए। जांच में सही पाए गए धोखाधड़ी के आरोप आर्थिक अपराध शाखा टोहाना ने मामले की गहनता से जांच की। जांच में धोखाधड़ी के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद थाना शहर टोहाना में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने युवाओं को सलाह दी है कि वे विदेश जाने के लिए केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त इमिग्रेशन एजेंटों के माध्यम से ही आवेदन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अनजान या बिना लाइसेंस वाले संस्थान को अपने मूल दस्तावेज और बड़ी रकम न सौंपें। यदि कोई एजेंट ठगी का प्रयास करता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।
टोहाना में इमिग्रेशन सेंटर संचालक अरेस्ट:कनाडा भेजने का झांसा दिया, 5.10 लाख रुपए हड़पे, नहीं लगवाया वीजा, दी धमकी
Leave a comment