11 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ब्राजील के दक्षिण-पूर्वी राज्य मिनास गेरैस में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई है। सोमवार शाम शुरू हुई तेज बारिश के बाद सबसे ज्यादा तबाही जुइज दे फोरा और उबा शहर में हुई।
अधिकारियों के अनुसार जुइज दे फोरा में 18 और उबा में 7 लोगों की जान गई। कई घर और इमारतें ढह गईं। दर्जनों लोग अब भी लापता हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने जुइज दे फोरा में ‘स्टेट ऑफ कैलैमिटी’ घोषित कर मानवीय सहायता और पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार की पूरी मदद का भरोसा दिया है।
सिर्फ जुइज दे फोरा में करीब 440 लोग बेघर हो गए हैं। प्रशासन ने अस्थायी शेल्टर बनाए हैं और राहत सामग्री के लिए अपील की है। मेयर ने तीन दिन का शोक घोषित किया है।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि यह फरवरी शहर के इतिहास की सबसे ज्यादा बारिश वाली रही है। राष्ट्रीय मौसम विभाग ने मिनास गेरैस और रियो डी जेनेरियो समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले साल रियो ग्रांडे दो सुल में ऐसी ही आपदा में करीब 200 लोगों की मौत हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें…
गेट्स फाउंडेशन का दावा- बिल गेट्स ने यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से अपने संबंधों की जिम्मेदारी ली

बिल गेट्स ने यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से अपने संबंधों को लेकर जिम्मेदारी ली है। रॉयटर्स के मुताबिक, गेट्स फाउंडेशन के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टी की। उन्होंने बताया कि हालिया टाउन हॉल बैठक में गेट्स ने कर्मचारियों के सामने इस मुद्दे पर खुलकर बात की और माफी मांगी।
रिपोर्ट के मुताबिक गेट्स ने कर्मचारियों से कहा कि एपस्टीन के साथ समय बिताना और फाउंडेशन के अधिकारियों को उन बैठकों में ले जाना बहुत बड़ी गलती थी। रिपोर्ट में टाउन हॉल की रिकॉर्डिंग का हवाला दिया गया है।
अमेरिकी न्याय विभाग ने 30 जनवरी को एपस्टीन से जुड़ी फाइल्स जारी की थी। इससे पता चला था कि एपस्टीन की सजा पूरी होने के बाद भी गेट्स उनसे कई बार मिले थे। इन बैठकों का मकसद चैरिटी गतिविधियों के विस्तार पर चर्चा बताया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक गेट्स ने यह भी कहा कि उन्होंने कोई अवैध काम नहीं किया और वे एपस्टीन के पीड़ितों के संपर्क में नहीं थे। गेट्स ने स्टाफ से कहा, “मैंने कुछ भी गलत नहीं किया।” फाउंडेशन ने कहा कि उसने एपस्टीन को कभी कोई फाइनेंशियल पेमेंट नहीं किया और न ही उसे कभी नौकरी पर रखा।
पाकिस्तान में सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमला, 2 पुलिसकर्मी की मौत, एक दिन में अलग-अलग हमलों में 7 जाने गईं

पाकिस्तान में मंगलवार को अलग-अलग हमलों में 7 पुलिसकर्मियों की जान चली गई। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब प्रांत के भक्कर जिले में एक सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ।
पंजाब पुलिस प्रमुख अब्दुल करीम के मुताबिक इस हमले में 2 पुलिसकर्मी मारे गए। इस धमाके में 3 आम लोग भी घायल हुए, जिनमें पोलियो रोधी अभियान से जुड़े 2 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।
इसी दिन इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट इलाके में उग्रवादियों ने एक पुलिस गाड़ी पर हमला किया। आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा कि इस हमले में 5 पुलिसकर्मी, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी थे और 2 नागरिक मारे गए। कोहाट के जिला पुलिस अधिकारी शेहबाज इलाही ने बताया कि इस हमले में 3 अन्य लोग घायल भी हुए।
पिछले एक हफ्ते में खैबर पख्तूनख्वा और दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में उग्रवादियों के खिलाफ झड़पों और सुरक्षा अभियानों के दौरान कम से कम 16 सुरक्षाकर्मी, जिनमें एक सीनियर सेना अधिकारी भी शामिल थे, मारे गए हैं। सेना के मुताबिक इन अभियानों और हमलों में 53 उग्रवादी भी मारे गए।
हाल के सालों में पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाएं बढ़ी हैं। खास तौर पर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों, पुलिस और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है।
