बरेली में पुलिस मुठभेड़ के बाद 2 शातिर चोर गिरफ्तार:इमरान ने बुर्का पहनकर की थी नकबजनी, शाही पुलिस ने 20 दिन पहले हुई चोरी का किया खुलासा

Actionpunjab
3 Min Read




बरेली जनपद के शाही थाना क्षेत्र में 5 फरवरी की रात हुई चर्चित नकबजनी की घटना का पुलिस ने 20 दिन में खुलासा कर दिया है। बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में मुख्य आरोपी इमरान के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के जेवर बेचकर जुटाए गए 3 लाख रुपये से अधिक की नकदी, अवैध असलहा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। शमशान के पास घेराबंदी, बदमाशों ने की फायरिंग
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि थाना प्रभारी शाही राजेश कुमार बैंसला अपनी टीम के साथ गश्त पर थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चाँद बाबू के घर चोरी करने वाले बदमाश जेवरात बेचकर मिले रुपयों के साथ दिल्ली भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्काल बीएसएनएल चौराहे के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने शाही-मिर्जापुर रोड की तरफ भागने का प्रयास किया। शमशान के पास कच्चे रास्ते पर बाइक फिसलने के बाद बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त इमरान घायल हो गया, जबकि उसके साथी तौफीक को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। बुर्का और मास्क पहनकर की थी रेकी और चोरी
पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी की रात उन्होंने बुर्का और मास्क पहनकर चाँद बाबू के घर की रेकी की थी ताकि पहचान न हो सके। इसके बाद ताला तोड़कर जेवरात और नकदी पार कर दी थी। चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर उन्होंने स्थानीय सुनारों को बेच दिए थे, जिन्होंने साक्ष्य मिटाने के लिए गहनों को गलाकर टिक्कियां बना ली थीं। पुलिस अब उन सुनारों और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। भारी मात्रा में नकदी और असलहे बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 3,00,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा इनके पास से दो 315 बोर के तमंचे, 3 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त सीटी 100 मोटरसाइकिल (UP25CZ 9750) बरामद हुई है। अपराध जगत में पुराना इतिहास
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं। घायल इमरान के विरुद्ध बरेली के अलग-अलग थानों में चोरी और लूट जैसे संगीन अपराधों के 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी तौफीक के खिलाफ भी 8 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने इन पर बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *