![]()
गुरुग्राम में पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई सेक्टर-63A में नगर निगम की लगभग दो कनाल भूमि पर की गई, जहां अवैध रूप से दुकानें बनाई गई थीं। यह अभियान अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का लक्ष्य है। पुलिस ऐसे आदतन अपराधियों की पहचान कर रही है जो अवैध तरीकों से संपत्ति अर्जित करते हैं। दो अपराधियों के कब्जों पर कार्रवाई की 24 फरवरी को पुलिस थाना सेक्टर-65 की टीम ने गांव कादरपुर निवासी दो अपराधी विनय और संजू के अवैध कब्जे के खिलाफ यह कार्रवाई की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये दोनों आरोपी लड़ाई-झगड़ा, लोगों में भय फैलाने, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं और कई बार जेल जा चुके हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सेक्टर-63A स्थित नगर निगम की दो कनाल सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर टीन शेड डालकर दुकानें बना रखी थीं। इन दुकानों से वे अनुचित लाभ कमा रहे थे। कई अधिकारी मौजूद रहे इस कार्रवाई में नगर निगम अधिकारी आर.के. मोंगिया, इंस्पेक्टर रामबीर और थाना सेक्टर-65 की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। बुलडोजर चलाकर अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया और पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
गुरुग्राम में सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा:नगर निगम ने 2 बदमाशों की दुकानें तोड़ीं; पुलिस रही मौके पर मौजूद
Leave a comment