लुधियाना के कुंदन पुरी में 'बंटी-बबली' का कारनामा:दुकान में खरीदारी का बहाना बना 5 सेकंड में उड़ाई मेस्ट्रो, CCTV में कैद हुई चोरी

Actionpunjab
2 Min Read




लुधियाना में अब चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अकेले नहीं बल्कि परिवार के साथ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला लुधियाना के कुंदन पुरी इलाके का है जहाँ एक पति-पत्नी (बंटी-बबली) ने शातिर तरीके से एक मेस्ट्रो स्कूटर पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित मेस्ट्रो मालिक ने बताया कि वह घर के अंदर मौजूद था और उसका स्कूटर बाहर ही खड़ा था। कुछ देर बाद जब वह अपने काम पर जाने के लिए घर से बाहर निकला तो बाहर से स्कूटर गायब था। पहले उसने आस-पास तलाश की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। CCTV में दिखा ‘बंटी-बबली’ का शातिर अंदाज फुटेज देखने पर पता चला कि चोरी की इस वारदात को एक महिला और पुरुष ने अंजाम दिया है जिन्हें इलाके में ‘बंटी-बबली’ कहा जा रहा है। पहले महिला पास की एक दुकान में ग्राहक बनकर अंदर चली जाती है ताकि किसी को शक न हो। बाहर खड़ा उसका पति स्कूटर की रेकी करता है। मौका मिलते ही वह एक मास्टर की (नकली चाबी) निकालता है और महज 5 सेकंड में स्कूटर का लॉक खोल देता है। इसी बीच महिला दुकान से बाहर निकलती है और पास से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक से बात करके उसे बातों में उलझाए रखती है। जैसे ही स्कूटर स्टार्ट होता है महिला पीछे बैठती है और दोनों रफूचक्कर हो जाते हैं। पुलिस का क्या है कहना? इस मामले में चौकी कैलाश नगर के इंचार्ज ने बताया कि पुलिस के पास चोरी की लिखित शिकायत पहुँच चुकी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस ‘बंटी-बबली’ जोड़ी को गिरफ्तार कर स्कूटर बरामद कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *