![]()
बूंदी के नैनवां शहर स्थित ऐतिहासिक नवल सागर तालाब के सौंदर्यकरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूर्व कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ तालाब का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नैनवां में चल रहे प्रज्ञान सागर महाराज के कार्यक्रम में पहुंचकर आशीर्वाद भी लिया। परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 3 करोड़ 20 लाख रुप, की लागत से 21 फीट ऊंची रामलला की प्रतिमा का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त तालाब क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक ट्रैक, सुलभ कॉम्प्लेक्स और एक पार्क भी विकसित किया जाएगा। इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। पूर्व कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री का दृष्टिकोण राजस्थान में धार्मिक स्थलों और पर्यटन को बढ़ावा देना है, साथ ही आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत नवल सागर तालाब का विकास कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि गत बजट में इस परियोजना के लिए 15 करोड़ रुपए की घोषणा की गई थी। इसके तहत अब पहले चरण का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता ने बताया कि जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यहां का विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार किया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि पहले चरण में रामलला की मूर्ति, फोरलेन ट्रैक, पार्क और मुख्य द्वार जैसे विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस अवसर पर नैनवां के पूर्व प्रधान पदम नागर, नैनवां एसडीएम भागचंद रेगर, नैनवां डिप्टी राजु लाल मीणा, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता हरिराम मीणा, सहायक अभियंता सोनू नागर, नैनवां नगर पालिका ईओ बृजभूषण शर्मा, पूर्व अध्यक्ष प्रमोद जैन, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व चेयरमैन पति भंवर सिंह सोलंकी, पार्षद मोजीराम गुर्जर, ओमप्रकाश गुर्जर और हरिराम चिता सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
नैनवां के नवल सागर तालाब का होगा सौंदर्यकरण:21 फीट की रामलला की प्रतिमा सहित 3.20 करोड़ रुपए के कार्य होंगे शुरू
Leave a comment