![]()
उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 46 वर्षीय अनंत लाल यादव की मौत हो गई। वह सोमवार शाम अपनी बेटी के घर से त्योहारी देकर लौट रहे थे, तभी अजगैन-मोहान मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अनंत लाल यादव उलरापुर गांव के निवासी थे और दही थाना क्षेत्र के बुटवल गांव में अपनी बेटी के घर गए थे। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने गांव के राम सेवक के साथ बाइक पर पीछे बैठकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अजगैन-मोहान मार्ग पर छोटा खेड़ा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक मोहान की तरफ फरार हो गया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे अनंत लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहे राम सेवक बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अनंत लाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अनंत लाल यादव किसानी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी सीमा, बड़े बेटे निशांत, प्रशांत, श्रीकांत और बेटियां सोनम व मानसी हैं। कोतवाल शरद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि तहरीर मिलने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर में अधेड़ की मौत:उन्नाव में बेटी के घर से लौटते समय हादसा, चालक मौके फरार
Leave a comment