![]()
हरियाणा के 23वें जिले हांसी को पहले राज्य बजट में महत्वपूर्ण घोषणाएं मिली हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए हांसी को अत्याधुनिक मॉडल जिले के रूप में विकसित करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 की शुरुआत तक हांसी में सभी जिला स्तरीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को स्थानीय स्तर पर संचालित करना और लोगों को अन्य जिलों के चक्कर लगाने से बचाना है। सीएम बोले- निर्धारित समयसीमा में पूरा होगा मॉडल जिला बनाने की घोषणाओं में अत्याधुनिक पुलिस लाइन का निर्माण, 200 बेड का आधुनिक जिला अस्पताल, मिनी सचिवालय भवन का निर्माण और सभी विभागों के जिला स्तरीय कार्यालयों की स्थापना शामिल है। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया। रतेरिया बोले- बजट हर वर्ग पर केंद्रित भाजपा के हांसी जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया ने बजट को हर वर्ग के सशक्तिकरण पर केंद्रित बताया। उन्होंने कहा कि हांसी को मॉडल जिला बनाने की घोषणा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को साकार करती है। राजेंद्र सोरखी ने साधा निशाना विपक्ष ने इन घोषणाओं पर सवाल उठाए हैं। आम आदमी पार्टी के हांसी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने घोषणाओं का स्वागत करते हुए भी सरकार की नीयत और क्रियान्वयन पर संदेह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि ईमानदारी से काम हो तो ये योजनाएं फायदेमंद होंगी, लेकिन भाजपा पूर्व में किए गए कई वादों पर खरी नहीं उतरी है। सोरखी ने उदाहरण देते हुए कहा कि मौजूदा 100 बेड के अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पूरी नहीं हो पा रही है, ऐसे में 200 बेड के नए अस्पताल में पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था कैसे होगी, यह एक बड़ा सवाल है। पवन गोयल ने भी उठाए सवाल कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री सुभाष गोयल के बेटे पवन गोयल ने कहा कि हांसी को जिला बनाने की मांग पुरानी थी और ये घोषणाएं पहले ही पूरी हो जानी चाहिए थीं। उन्होंने तर्क दिया कि हांसी पहले से ही एक पुलिस जिला था, इसलिए पुलिस लाइन और रिहायशी प्लॉट का निर्माण पहले ही हो जाना चाहिए था।
हांसी को मॉडल जिला बनाने की घोषणा:बजट में आधुनिक पुलिस लाइन, 200 बेड अस्पताल और मिनी सचिवालय; विपक्ष ने उठाए सवाल
Leave a comment