![]()
लुधियाना जिले के बद्दोवाल में लग्जरी कारों के शोरूम पर हुई फायरिंग के शूटरों को पनाह देने के आरोपी मनप्रीत सिंह ने दाखा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। मनप्रीत सिंह संगरूर जिले का निवासी है और उस पर शूटरों को शरण देने का आरोप है। यह घटना मुल्लांपुर दाखा में 2 मार्च को हुई। दाखा थाना के इंचार्ज कुलजिंदर सिंह ग्रेवाल ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि मनप्रीत सिंह ने गोलीकांड से पहले और बाद में शूटरों को अपने पास पनाह दी थी। इसी आधार पर उसे केस में नामजद किया गया था। ग्रेवाल ने बताया कि मनप्रीत ने खुद दाखा थाने में आकर आत्मसमर्पण किया है। पुलिस मनप्रीत सिंह से पूछताछ करेगी। पूछताछ पूरी होने के बाद इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा होने की उम्मीद है। शोरूम पर की थी फायरिंग यह मामला बद्दोवाल स्थित एक पुरानी लग्जरी कारों के शोरूम पर हुई फायरिंग से जुड़ा है। थाना दाखा पुलिस ने परविंदर सिंह के बयानों के आधार पर दो अज्ञात शूटरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। शिकायत के अनुसार, यह घटना 10 जनवरी को लुधियाना-फिरोजपुर नेशनल हाईवे पर आईटीबीपी गेट बद्दोवाल के सामने हुई थी। दो बाइक सवार शूटरों ने दोनों हाथों में रिवॉल्वर लेकर शोरूम और वहां खड़ी महंगी गाड़ियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। घटना को अंजाम देने के बाद वे मौके से फरार हो गए थे। पर्चियों के आधार पर जांच की शूटरों ने भागते समय मौके पर दो पर्चियां फेंकी थीं, जिन पर मुहब्बत रंधावा और पवन शौकीन के नाम हाथ से लिखे हुए थे। दाखा पुलिस ने इन पर्चियों पर नामों के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान, पुलिस ने पहले ही पवन शौकीन की पत्नी विजय कुमारी और नवीन देसवाल को गिरफ्तार कर लिया था। ये दोनों वर्तमान में लुधियाना जेल में बंद हैं। इसके अलावा, कौशल चौधरी को भी प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की गई थी, और वह भी अब जेल में है।
लुधियाना में शूटरों को पनाह देने वाले ने किया सरेंडर:पुलिस थाने में खुद आया; लग्जरी कारों के शोरूम की थी फायरिंग
Leave a comment