![]()
अयोध्या जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थानों की पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली घटना पटरंगा थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव की है। यहां के निवासी 30 वर्षीय करन दरियाबाद मार्ग से अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान दरियाबाद रोड पर उनका सड़क हादसा हो गया। हादसे में करन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पटरंगा थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी घटना कुमारगंज थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी देवगांव अंतर्गत लिखा रसूलपुर गांव में मंगलवार देर रात हुई। कच्चा का पुरवा बघौड़ा गांव निवासी आकाश तिवारी, लीला रसूलपुर गांव में अपने रिश्तेदार विनोद शुक्ला के घर गए थे। विनोद शुक्ला के घर में आकाश तिवारी की बहन की शादी हुई है। देर रात आकाश हैंडपंप पर हाथ धो रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सीने में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर और चालक को कब्जे में ले लिया। घायल आकाश को पहले कुमारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच जारी है।
अयोध्या में सड़क हादसों में दो युवकों की मौत:एक युवक जा रहा था ससुराल, दूसरा गया था बहन के घर
Leave a comment