मथुरा में युवती ने लगाई फांसी:फाइनेंस कंपनी में काम करती थी, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट

Actionpunjab
2 Min Read




मथुरा शहर कोतवाली क्षेत्र की जमुना विहार कॉलोनी में एक युवती ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान रूबी (24) पुत्री शिवकुमार निवासी मालीपुरा, थाना खैर के रूप में हुई है। रूबी मथुरा की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थी और लगभग 12 दिन पहले ही जमुना विहार कॉलोनी में किराए पर रहने आई थी। मकान मालिक रामवीर सिंह ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर उन्होंने दरवाजा खुलवाया, जहां रूबी का शव फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, रूबी के पिता का लगभग छह माह पहले निधन हो गया था। परिवार में उसकी दो बहनें और एक भाई हैं। उसकी बड़ी बहन विवाहित है, जबकि भाई निजी नौकरी करता है। कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्रा ने कहा कि पुलिस इस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *