![]()
ईरान पर इजराइल और अमेरिका के कथित हमलों के खिलाफ पंजाब के मलेरकोटला शहर में मुस्लिम महिलाओं ने रोष मार्च निकालकर विरोध जताया। इस दौरान महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर इजराइल और अमेरिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा ईरान के समर्थन में आवाज उठाई। रोष मार्च में शामिल महिलाओं ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतनयाहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ भी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्र में शांति की कामना की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ईरान पर किए जा रहे हमले मानवता के खिलाफ हैं और इससे मध्य-पूर्व क्षेत्र में तनाव और बढ़ सकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले में हस्तक्षेप करने और हिंसा को रोकने की मांग की। रोष मार्च के दौरान महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर मार्च निकाला और ईरान के प्रति एकजुटता व्यक्त की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं शामिल हुईं। इससे पहले भी मलेरकोटला में ईरान के समर्थन में कई प्रदर्शन हो चुके हैं। हाल ही में शहर के अनेक लोग सड़कों पर उतर आए थे और ईरान के पक्ष में प्रदर्शन करते हुए इजराइल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की थी। मलेरकोटला में लगातार हो रहे इन प्रदर्शनों से साफ है कि ईरान से जुड़े घटनाक्रम को लेकर स्थानीय मुस्लिम समुदाय में गहरा रोष है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे अन्याय और युद्ध के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहेंगे। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा। स्थानीय प्रशासन की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी गई।
मलेर कोटला में मुस्लिम महिलाओं ने निकाला रोष मार्च:अयातुल्ला अली खामेनेई को दी श्रद्धांजलि, इजराइल-अमेरिका के खिलाफ की नारेबाजी
Leave a comment