![]()
डीग नगर परिषद ने नगरीय विकास कर बकाया रखने वाले एक विवाह स्थल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। परिषद ने लंबे समय से कर जमा नहीं करने पर कपूर पैलेस मैरिज होम को सील कर दिया। यह कार्रवाई गुरुवार को आयुक्त कुलदीप सिंह फौजदार के निर्देश पर की गई। नगर परिषद डीग ने नगरीय क्षेत्र में संचालित कई विवाह स्थलों को बकाया कर जमा कराने के लिए बार-बार नोटिस जारी किए थे। हालांकि, इन नोटिसों का कोई असर नहीं हुआ और संचालकों ने कर भुगतान में कोई रुचि नहीं दिखाई। इसके बाद परिषद ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया। 1 लाख से ज्यादा का यूडी टैक्स बकाया
गुरुवार को राजस्व शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए मेला ग्राउंड स्थित कपूर पैलेस मैरिज होम को सील कर दिया। इस दौरान राजस्व शाखा प्रभारी राजवीर सिंह, सहायक प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ प्रारूपकार गौरव जांगिड़ सहित अन्य नगर परिषद कर्मचारी मौजूद थे। वरिष्ठ प्रारूपकार गौरव जांगिड़ ने बताया कि कपूर पैलेस मैरिज होम पर कुल 1 लाख 2 हजार 84 रुपए का नगरीय विकास कर बकाया था। लगातार नोटिस के बावजूद यह राशि जमा नहीं कराई गई, जिसके बाद परिषद को यह कार्रवाई करनी पड़ी। कार्रवाई से मचा हड़कंप
इस कार्रवाई से शहर के अन्य मैरिज होम संचालकों में हड़कंप मच गया है। गौरव जांगिड़ ने चेतावनी दी कि सभी विवाह स्थल संचालकों को बकाया राशि जमा करने के लिए 5 दिन का अंतिम नोटिस दिया गया है। यदि इस अवधि में भुगतान नहीं किया गया, तो बिना किसी पूर्व सूचना के अन्य विवाह स्थलों के खिलाफ भी सीज की कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद की इस सख्त कार्रवाई को प्रशासनिक हलकों में बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। परिषद का साफ कहना है कि शहर के विकास कार्यों के लिए कर की राशि बेहद जरूरी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना यह है कि आने वाले दिनों में अन्य बकायादार संचालक समय रहते कर जमा कराते हैं या उन्हें भी सीज की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
डीग में मैरिज होम को किया सील:नगरीय विकास कर बकाया होने पर की गई कार्रवाई
Leave a comment