![]()
कुल्लू-मनाली-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित गांव देहणी के पास शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा नंबर की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में एक पैदल यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा मोड़ा से संबंधित सिगल कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि यह बस पहले मोड़ा टोल प्लाजा के पास खराब खड़ी थी। बस चालक ने मामूली मरम्मत के बाद उसे कीरतपुर साहिब की ओर ले जा रहा था। गांव देहणी के पास ढलान में बस अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक करीब 100 फुट दूर जाकर पलट गया। बस की चपेट में आने से पैदल चल रहे व्यक्ति की जान चली गई। सूचना पर कीरतपुर साहिब पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब में भर्ती करवाया गया है। इस बीच, सिगल कंपनी के कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें कंपनी की ओर से सुरक्षा संबंधी सुविधाएं, जैसे सेफ्टी जैकेट और जूते, उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं, जिसके कारण उन्हें सामान्य कपड़ों में ही काम करना पड़ता है। 1033 एंबुलेंस के चालक और पैरामेडिकल स्टाफ ने भी कंपनी पर आवश्यक सुविधाएं न देने का आरोप लगाया है।
रोपड़ में बस-ट्रक टक्कर, एक की मौत:कुल्लू-चंडीगढ़ हाईवे पर हुआ हादसा, चपेट आया पैदल यात्री, दो गंभीर रूप से घायल
Leave a comment