![]()
मोहाली के जीरकपुर के बलटाना स्थित कलगीधर मार्केट में शुक्रवार देर रात एक होटल से रिसेप्शनिस्ट युवती का अपहरण कर लिया गया। कुछ लोग होटल में घुस आए और युवती के साथ मारपीट कर उसे जबरन कार में बैठाकर हरियाणा ले गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कई नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी लापता एक नाबालिग लड़की के बारे में जानकारी चाहते थे। उनको लगता था कि युवती को उसके बारे में पता है। इसके लिए युवती को मारपीट कर जबर्दस्ती ले गए। बाद उन्होंने छोड़ दिया। युवती ने अपनी पुलिस को सारी कहानी बताई। युवती ने बताई अपहरण की कहानी होटल में सो रही थी, तभी आ पहुंचे आरोपी: पुलिस को दी शिकायत में कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के पोहोवा तहसील निवासी युवती ने बताया कि वह पिछले लगभग एक साल से कलगीधर मार्केट स्थित होटल सिटी वॉक में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत है। 5 और 6 मार्च की दरमियानी रात वह होटल के कमरे में सो रही थी, जबकि होटल मालिक दीपक जायसवाल रिसेप्शन पर मौजूद थे। लापता नाबालिग लड़की के बारे में पूछा: पीड़िता के अनुसार, रात करीब 12:05 बजे उसके कमरे के दरवाजे पर जोर से दस्तक हुई। दरवाजा खोलने पर उसने देखा कि एक नाबालिग लड़की के परिजन और 6-7 युवक वहां खड़े थे। उन्होंने युवती पर आरोप लगाया कि उसे उनकी लापता बेटियों के ठिकाने के बारे में जानकारी है। युवती ने उन्हें बताया कि उसे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
होटल मालिक से भी मारपीट की: शिकायत के मुताबिक, इसके बाद लड़की की मां, दादी और पन्ना नामक महिला ने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ आए युवकों ने होटल मालिक दीपक जायसवाल के साथ भी हाथापाई की। आरोपियों ने युवती को होटल से नीचे खींच लिया और टाइल से उसके सिर पर वार किया। बाद में उसे जबरन एक कार में बैठाकर हरियाणा के पानीपत जिले के माछरौली गांव ले जाया गया। हरियाणा के मछरौली ले गए, बाद में छोड़ा: पीड़िता ने बताया कि वे सुबह करीब 4-5 बजे माछरौली गांव पहुंचे, जहां उसे दिन भर कार में बैठाकर रखा गया। बाद में जब आरोपियों को पता चला कि लापता लड़कियों के मामले में उसका कोई हाथ नहीं है, तो उसे समालखा बस स्टैंड से चंडीगढ़ जाने वाली बस में बैठा दिया गया। पुलिस ने 6 से ज्यादा लोगों पर दर्ज किया केस बलटाना पुलिस चौकी के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस मामले में सोनू, विशाल, पन्ना, सुहाना की मां और दादी सहित कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।