गैस एजेंसी सेल्समैन पर चाकू से हमला:बदमाशों ने ढाई लाख लूटे, युवक गंभीर रूप से घायल

Actionpunjab
2 Min Read




देवरिया जिले में रविवार को एक गैस एजेंसी के सेल्समैन पर चाकू से हमला कर लगभग ढाई लाख रुपये लूट लिए गए। हमले में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। यह घटना गौरी बाजार थाना क्षेत्र में हुई। कालापन पकड़ी टोला निवासी आकाश यादव (पुत्र अवधेश यादव) खरोह चौराहा स्थित भारत गैस एजेंसी में सेल्समैन है। रविवार को वह अपने घर से एजेंसी जा रहा था। उसके पास एक बैग था, जिसमें एजेंसी के करीब ढाई लाख रुपये नकद थे। जीएस भट्ठा के पास पहुंचते ही घात लगाए बैठे बदमाशों ने आकाश पर हमला कर दिया। बदमाशों ने चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब आकाश ने बैग छीनने का विरोध किया, तो हमलावरों ने उस पर दोबारा चाकू से प्रहार किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों की संख्या लगभग छह थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल आकाश को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल युवक से पूछताछ कर जानकारी ली। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। थानेदार डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *