फतेहाबाद में ट्रेजरी क्लर्क रिश्वत लेते पकड़ा:49 हजार का बिल पास करने को मांगे 3 हजार; VLDA ने एसीबी को दी शिकायत

Actionpunjab
2 Min Read




फतेहाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने ट्रेजरी विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क पर दवाइयों के बिल पास करने के बदले तीन हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम ने बुधवार को लघु सचिवालय परिसर में ट्रैप लगाकर आरोपी को तीन हजार रुपए लेते हुए काबू किया।
जानकारी के अनुसार जवाहर चौक स्थित पशु अस्पताल में कार्यरत वीएलडीए (वेटरनरी लाइवस्टॉक डेवलपमेंट असिस्टेंट) सुनील बिश्नोई ने करीब 49 हजार रुपए की दवाइयों की खरीद की थी। नियमानुसार इन दवाइयों के बिल ट्रेजरी विभाग में पास होने के लिए भेजे गए थे। आरोप है कि ट्रेजरी में तैनात क्लर्क बिल पास करने की बजाय उन्हें लगातार अटकाता रहा। जानिएं पूरा मामला
जब वीएलडीए सुनील बिश्नोई ने क्लर्क हीरालाल से इस बारे में बातचीत की तो उसने बिल पास करने के बदले तीन हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर दी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर सुनील बिश्नोई ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम देकर ट्रेजरी क्लर्क के पास भेजा गया। जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी की टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी क्लर्क से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *