![]()
लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र स्थित रेजीडेंसी में धार्मिक नारे लगाने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक सोशल मीडिया एक्टिविस्ट की पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने पत्थर से वार कर उसका पैर तोड़ दिया और चश्मा भी तोड़ दिया। घायल का इलाज कराने के बाद पीड़ित ने करीब डेढ़ माह बाद बुधवार को वजीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। चिनहट के मटियारी निवासी ज्ञान प्रकाश पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 जनवरी की शाम करीब 5 बजे वह रेजीडेंसी घूमने गए थे। इस दौरान वह ब्लॉगिंग कर रहे थे और धार्मिक नारे लगा रहे थे। तभी वहां मौजूद अधिवक्ता फैजान और उसके साथियों ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसके बाद फैजान ने अपने करीब 15 साथियों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर ज्ञान प्रकाश पांडेय की पिटाई कर दी। हमलावरों ने उनका करीब 45 हजार रुपये का चश्मा भी तोड़ दिया। साथ ही पत्थर से वार कर उनका दाहिना पैर तोड़ दिया, जिससे वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को सीतापुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज हुआ। हालत में सुधार होने के बाद पीड़ित ने बुधवार को वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
धार्मिक नारे लगाने पर सोशल मीडिया एक्टिविस्ट की पिटाई:रेजीडेंसी में पत्थर से पैर तोड़ा, डेढ़ माह बाद दर्ज कराई रिपोर्ट
Leave a comment