![]()
जगराओं के जोधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक एकेडमी की स्कूल बस में ड्राइवर द्वारा कुछ छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों में भारी गुस्सा है, जिन्होंने स्कूल बस को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि बस ड्राइवर और कंडक्टर ने बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया और उनकी पिटाई की, जिससे बच्चे काफी डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर अभिभावकों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। बताया गया है कि जोधा थाना पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल को कई बार थाने में पेश होने के लिए बुलाया, लेकिन उनके उपस्थित न होने से अभिभावकों का गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक जोधा थाने के बाहर एकत्रित हुए और थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल प्रबंधक पर मामला दबाने का आरोप विरोध प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन डकौंदा हसनपुर के स्टेट जनरल सेक्रेटरी हरदीप सिंह ‘रिंपी सराभा’ और भारतीय किसान यूनियन डकौंदा बूटा सिंह बुर्ज गिल के नेता सरबजीत सिंह पखोवाल भी शामिल हुए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मामला दर्ज नहीं किया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर मामले को दबाने का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों को शांत करने का प्रयास किया और उन्हें निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अभिभावकों ने यह भी बताया कि बच्चों की पगड़ी तक उतार दी गई, जिससे उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। एसएचओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई जोधा थाने के एसएचओ ने इस संबंध में कहा कि स्कूल बस ड्राइवर और कंडक्टर का बच्चों के प्रति व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने जोर दिया कि छोटे बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए। एसएचओ ने आगे कहा कि यदि स्कूल प्रबंधन और अभिभावक आपसी सहमति से मामला सुलझा लेते हैं तो ठीक है,अन्यथा जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर तरसेम सिंह,गुरप्रीत सिंह,सुखविंदर सिंह , सुरिंदर सिंह, कुलवंत सिंह, बलदेव सिंह, गुरतेज सिंह , राजू डांगो,कुलजीत सिंह, कुलदीप सिंह, अमरजीत कौर, संदीप कौर, करनदीप कौर, कुलदीप और रूपिंदर कौर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जगराओं में स्कूल बस ड्राइवर ने बच्चों को पीटा:अभिभावकों ने किया थाने का घेराव, बोले- स्कूल प्रबंधन मामले को दबा रहा
Leave a comment