![]()
सिरोही जिले में पिंडवाड़ा तहसील के बसंतगढ़ गांव में गुरुवार रात एक लेपर्ड ने दुकान से घर लौट रहे एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही ट्रॉमा सेंटर से उदयपुर रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार बसंतगढ़ निवासी पुनाराम (25) पुत्र हुसा राम गुरुवार रात करीब 9 बजे दुकान से अपने घर जा रहा था। अंधेरे में अचानक एक लेपर्ड ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। लेपर्ड ने युवक की गर्दन पकड़कर उसे घसीटने का प्रयास किया। थोड़ी दूर घसीटा फिर छोड़कर जंगल में भागा
पुनाराम की चीख-पुकार सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की आवाजें सुनकर और भीड़ को देखकर लेपर्ड उसे थोड़ी दूर घसीटने के बाद छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल पुनाराम को पहले पिंडवाड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे एम्बुलेंस 108 की मदद से सिरोही ट्रॉमा सेंटर लाया गया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने गले में लेपर्ड के गहरे दांतों के निशान और चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर कर दिया। युवक की गले की नसों से लगातार बह रहा खून
मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि लेपर्ड के गहरे घावों के कारण पुनाराम के गले की नसों में गंभीर चोट आई है, जिससे लगातार खून बह रहा है। उसकी स्थिति को देखते हुए तत्काल किसी सर्जन की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि बसंतगढ़ से सटे वन क्षेत्र में करीब 8 माह पहले भी एक लेपर्ड ने एक युवक पर हमला किया था, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा भी इस क्षेत्र में लेपर्ड द्वारा लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आती रही हैं।
लेपर्ड ने युवक की गर्दन को जबड़े में दबोचा:अचानक हमला कर घसीटा, चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़े तो भागा
Leave a comment