![]()
मैनपुरी में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की किल्लत की अफवाहों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें आम जनता और किसानों की परेशानी बढ़ा रही हैं। आलोक शाक्य ने स्वीकार किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध का असर पड़ रहा है, लेकिन इसका सीधा बोझ आम जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गैस सिलेंडर की कीमत में लगभग 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
शाक्य ने कहा कि लोगों को पेट्रोल और डीजल के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अपनी गाड़ी में डीजल भरवाते समय खुद भी दिक्कतों का अनुभव किया। उन्होंने जोर दिया कि केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के कारण महंगाई पर नियंत्रण की जिम्मेदारी भी सरकार की ही है। सपा जिलाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही संकट में हैं क्योंकि आलू समेत अन्य फसलों का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। डीजल के दाम बढ़ने से खेती की लागत और बढ़ जाएगी, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ेगा। आलोक शाक्य ने वर्ष 2014 का जिक्र करते हुए कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब भाजपा नेताओं ने महंगाई को एक बड़ा मुद्दा बनाया था। उन्होंने वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद महंगाई को नियंत्रित किया जाएगा। शाक्य ने बताया कि उस समय गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 450 रुपये थी, जो अब 1000 रुपये से भी ऊपर पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए सरकार के लोग जनता को अलग-अलग मुद्दों में उलझाते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव लगातार महंगाई के मुद्दे को सदन और जनता के बीच उठाते रहे हैं और आगे भी इस मुद्दे पर आवाज उठाते रहेंगे।
ईंधन संकट के पर सपा ने सरकार पर साधा निशाना:मैनपुरी में आलोक शाक्य ने कहा- प्रधानमंत्री के वादों का क्या हुआ
Leave a comment