![]()
इंडिगो एयरलाइंस ने फ्लाइट टिकटों पर नया फ्यूल चार्ज लागू किया है। देश की बड़ी एयरलाइन कंपनियों में से एक इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को झटका देते हुए यह घोषणा की। 14 मार्च की रात 12:01 बजे से होने वाली नई बुकिंग पर यह अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। एयरलाइन के अनुसार- वैश्विक स्तर पर ईंधन कीमतों में तेज बढ़ोतरी और खासतौर पर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण एविएशन फ्यूल महंगा हुआ है। इसी वजह से कंपनी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अलग-अलग श्रेणियों में फ्यूल चार्ज लगाने का निर्णय लिया है। घरेलू उड़ानों पर यात्रियों को अब अधिकतम 425 रुपए तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज देना होगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यह शुल्क दूरी और रूट के अनुसार अलग-अलग तय किया गया है। मिडिल ईस्ट रूट की उड़ानों पर 900 रुपए तक चार्ज
मिडिल ईस्ट रूट की उड़ानों पर लगभग 900 रुपए तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लगाया जाएगा। इसके अलावा साउथ-ईस्ट एशिया और चीन रूट की फ्लाइट्स पर 1800 रुपए तक का अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। अफ्रीका रूट पर भी 1800 रुपए का फ्यूल चार्ज लागू किया गया है। सबसे ज्यादा असर यूरोप जाने वाली उड़ानों पर पड़ेगा, जहां यात्रियों को टिकट बुक करते समय 2300 रुपए तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज देना पड़ सकता है। एयरलाइन ने कहा- यह शुल्क केवल नई बुकिंग पर लागू होगा। बढ़ती ईंधन लागत को संतुलित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और ATF की कीमतों में हुई थी तेजी
एविएशन सेक्टर के जानकारों ने कहा- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में हालिया तेजी के कारण एयरलाइंस के संचालन खर्च में काफी बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में एयरलाइंस कंपनियां किराए में संशोधन या फ्यूल सरचार्ज के जरिए लागत का संतुलन बनाने की कोशिश कर रही हैं। इस फैसले का असर उन यात्रियों पर ज्यादा पड़ सकता है, जो घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बुकिंग करने की योजना बना रहे हैं।
हवाई सफर हुआ महंगा, इंडिगो ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज:मिडिल ईस्ट तनाव का असर, 14 मार्च से घरेलू-अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स महंगी, आधी रात से नई रेट लागू
Leave a comment