पानीपत में मनी एक्सचेंज सेंटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग:6 राउंड गोलियां चलाई, वारदात से पहले पांच बार रेकी की, वारदात करते ही फरार

Actionpunjab
3 Min Read




पानीपत के असंध रोड पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम एक मनी एक्सचेंज सेंटर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चला दीं। बदमाशों ने अनेजा पेट्रोल पंप के ठीक सामने स्थित दुकान के बाहर आधा दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। 5 बार रेकी के बाद वारदात को अंजाम जानकारी के मुताबिक, यह वारदात सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रही है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने शनिवार सुबह से ही दुकान के आसपास करीब 5 बार रेकी की थी। बदमाश संभवतः सही समय का इंतजार कर रहे थे। दोपहर के समय जब असंध रोड पर चहल-पहल थी, तभी बदमाशों ने हथियार लहराते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। मौके पर पहुंची पुलिस की कई टीमें दिनदहाड़े फायरिंग की सूचना मिलते ही पानीपत पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर CIA यूनिट, थाना पुलिस की टीमें, साइबर सेल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीमें पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके से गोलियों के खोल और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। दहशत में व्यापारी, सुरक्षा पर सवाल अनेजा पेट्रोल पंप के सामने व्यस्त असंध रोड पर हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से मनी एक्सचेंज संचालक और उसके कर्मचारी बाल-बाल बच गए, लेकिन गोलियों के निशान दुकान के बाहर साफ देखे जा सकते हैं। पुलिस की आगामी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर भर में नाकाबंदी कर दी गई है। प्राथमिक जांच में यह मामला रंगदारी या आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी भी आधिकारिक नतीजे पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीआईए की टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *