सलूंबर युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के दूसरे दिन शनिवार को भी मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दिनभर पुलिस और ग्रामीणों के बीच समझाइश व वार्ता का दौर चलता रहा, लेकिन देर शाम तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाय
.
शुक्रवार को परसाद थाना क्षेत्र में वन विभाग की नर्सरी के निकट खरबर के नेरा फला निवासी प्रदीप पुत्र कालूलाल पर करीब 8-9 युवकों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।उसे तत्काल उपचार के लिए उदयपुर के एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह से ही मृतक के परिजन, रिश्तेदार और आसपास के 15 से 20 गांवों के सैकड़ों ग्रामीण परसाद पहुंचे।
दिनभर ग्रामीणों और पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता और समझाइश चलती रही, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इस कारण देर शाम तक शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हो पाया।

घटना के विरोध में कस्बे की सभी दुकानें और बाजार बंद रहे। सुबह ग्रामीण बस स्टैंड पर एकत्रित हुए और दोपहर बाद तलाई स्टेडियम में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने पुलिस के सामने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में इससे पहले भी तीन ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन आज तक उनका खुलासा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि यदि इस मामले में भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश यादव के निर्देशन में डीएसपी चांदमल सिंगारिया सहित सराड़ा, सेमारी, जावर माइंस और परसाद थाने की पुलिस टीम मौके पर तैनात रही। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 9 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एक दर्जन गांवों में दबिश, जंगल में भी सर्च अभियान आरोपियों की तलाश में पुलिस ने खरबर, परसाद, पिपली, देलवास और हाइलाकुई सहित करीब एक दर्जन गांवों में दबिश दी। वहीं, करीब 10 किलोमीटर के जंगल क्षेत्र में भी सर्च अभियान चलाया गया। अलग-अलग स्थानों से 9 संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।
आज होगी समाज की बैठक ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो समाज स्तर पर भी निर्णय लिया जाएगा। इसको लेकर रविवार को समाज की बैठक बुलाई गई है। जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें-
सलूंबर में मामूली विवाद में युवक को चाकुओं से गोदा,मौत:कहासुनी को लेकर बढ़ा विवाद, घर से पूजा का सामान लेने निकला था