![]()
उदयपुर के जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ यूनिवर्सिटी में 17 और 18 मार्च को कुलपति सम्मेलन होगा। भारतीय यूनिवर्सिटी संघ (AIU) की ओर से आयोजित होने वाले ‘पश्चिम क्षेत्र कुलपति सम्मेलन 2025-26’ में शिक्षा जगत की दिग्गज हस्तियां जुटेंगी। इस दो दिनों के सम्मेलन का मुख्य विषय ‘स्वदेशी, आर्थिक राष्ट्रवाद और तकनीकी राष्ट्रवाद के जरिए आत्मनिर्भर भारत’ रखा गया है। सम्मेलन का उद्घाटन राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े करेंगे। राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि, जुटेंगे 120 कुलपति
सम्मेलन का उद्घाटन प्रोग्राम 17 मार्च को सुबह 10 बजे विद्यापीठ के कैंपस में होगा। इस खास मौके पर राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य प्रो. गौरव वल्लभ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और गोवा की यूनिवर्सिटीज के करीब 120 कुलपति खुद मौजूद रहेंगे, जबकि 100 से ज्यादा कुलपति ऑनलाइन जुड़ेंगे। शिक्षा की मजबूती पर होगा मंथन
सम्मेलन की अध्यक्षता AIU के अध्यक्ष और सीएसजेएम यूनिवर्सिटी कानपुर के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक करेंगे। वहीं, AIU की महासचिव डॉ. पंकज मित्तल सम्मेलन का मैनेजमेंट संभालेंगी। मेजबान विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत ने बताया कि इस दौरान राज्यपाल ‘यूनिवर्सिटी न्यूज’ के स्पेशल एडिशन को भी रिलीज करेंगे। सम्मेलन में स्वदेशी सिस्टम, रिसर्च और डेवलपमेंट के साथ-साथ आर्थिक मजबूती पर गहराई से चर्चा की जाएगी।
समापन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष आएंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस वैचारिक मंथन का आखिरी सत्र 18 मार्च को होगा। समापन सत्र में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ स्पेशल गेस्ट के रूप में बौद्धिक प्रकोष्ठ के राज्य संयोजक राजेन्द्र सिंह शेखावत और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी शिरकत करेंगे। इस दौरान AICTE, NAAC और ICAR जैसे बड़े संस्थानों के प्रतिनिधि भी अपने विचार रखेंगे। विद्यापीठ और AIU का पुराना इतिहास
भारतीय यूनिवर्सिटी संघ की स्थापना साल 1925 में हुई थी, जिसका नेतृत्व डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान लोग कर चुके हैं। आज के समय में इससे 1147 यूनिवर्सिटीज जुड़ी हैं। वहीं, उदयपुर का जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ 1937 से शिक्षा की अलख जगा रहा है, जिसे मनीषी पंडित जनार्दन राय नागर ने शुरू किया था। आज यह यूनिवर्सिटी विज्ञान से लेकर रिसर्च तक के कई जरूरी क्षेत्रों में काम कर रही है।
उदयपुर में यूनिवर्सिटी के कुलपतियों का बड़ा जमावड़ा:स्वदेशी और तकनीक से बनेगा आत्मनिर्भर भारत, राज्यपाल करेंगे उद्घाटन
Leave a comment